शिवम मिश्रा, रायपुर। राजधानी रायपुर में मोबाइल गुम होने के बाद बैंक खाते से ऑनलाइन रकम निकाले जाने का मामला सामने आया है। जोरा सब्जी बाजार में एक अधिकारी का आईफोन गुम होने के बाद अज्ञात आरोपी ने मोबाइल और उससे लिंक बैंक खाते का दुरुपयोग कर 1 लाख 4 हजार 999 रुपये की ऑनलाइन ट्रांजेक्शन कर ली। मामले की शिकायत के बाद पुलिस धोखाधड़ी का अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। यह मामला तेलीबांधा थाना क्षेत्र का है। यह तेलीबांधा थाना क्षेत्र का है।
बाजार में गुम हुआ आईफोन
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, आनंद भूमि, पिरदा रोड जोरा निवासी 49 वर्षीय उपेंद्र कुमार छत्तीसगढ़ शासन की संस्था CMDC में महाप्रबंधक के पद पर पदस्थ हैं तथा संयुक्त उपक्रम NMDCCMBC लिमिटेड सहित अन्य उपक्रमों में डायरेक्टर (संचालक) के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने बताया कि 16 मई 2026 की शाम करीब 5 बजे वे जोरा सब्जी बाजार गए थे, जहां उनका iPhone 11 Pro कहीं गुम हो गया। मोबाइल में जियो कंपनी का सिम लगा हुआ था।

मोबाइल गुम होने के बाद उन्होंने उसी दिन तेलीबांधा थाना में सूचना दर्ज कराई। बाद में उन्होंने जियो कंपनी से उसी नंबर का सिम पुनः चालू कराया। इसी बीच 19 मई को उनके मोबाइल नंबर पर 99,999 रुपये के निकालने का मैसेज प्राप्त हुआ, जिसके बाद उन्होंने ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई।
इसके बाद अगले दिन 20 मई को वे बैंक ऑफ इंडिया की अवंती विहार शाखा पहुंचे, जहां खाते की जांच में पता चला कि 16 मई से 19 मई के बीच किसी अज्ञात व्यक्ति ने गुम हुए मोबाइल और उससे लिंक सिम का दुरुपयोग कर कुल 1,04,999 रुपये की ऑनलाइन ट्रांजेक्शन कर ली।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4) के तहत अपराध दर्ज किया है। मामले की जांच उपनिरीक्षक पीयूष बघेल को सौंपी गई है। पुलिस मोबाइल की लोकेशन, बैंक ट्रांजेक्शन डिटेल और साइबर एंगल से जांच कर रही है।
पुलिस की अपील
पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि मोबाइल गुम होने की स्थिति में तुरंत सिम ब्लॉक कराएं तथा बैंक खाते और यूपीआई सेवाओं को भी तत्काल बंद कर दें, ताकि साइबर ठगी से बचा जा सके।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

