Sports Desk – Cameron Green Flop Show : इन दिनों आईपीएल 2026 की धूम है. 19वें सीजन में कई बड़े खिलाड़ी उम्मीदों पर खरे नहीं उतरे. अब तक कुल 12 मैच हो चुके हैं और सभी टीमें 2-2 मैच खेल चुकी हैं. केकेआर की टीम पहले दोनों मैच हारी थी और उसका तीसरा मुकाबला पंजाब किंग्स के खिलाफ बारिश की भेंट चढ़ गया. केकेआर ने इस सीजन जिस खिलाड़ी पर सबसे ज्यादा पैसे खर्च किए थे, वो 3 बार की चैंपियन इस फ्रेंचाइजी को बार-बार धोखा दे रहा है. केकेआर को उम्मीद थी कि यह खिलाड़ी गेंद और बल्ले से कमाल दिखाएगा, लेकिन उसका बल्ला पूरी तरह खामोश है और गेंदबाजी तो वह कर ही नहीं रहा है.

ये कोई नहीं बल्कि ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर कैमरून ग्रीन हैं, जो मिनी ऑक्शन के सबसे महंगे खिलाड़ी रहे थे. केकेआर ने उन्हें 25.20 करोड़ में अपने साथ जोड़ा था, लेकिन वही कहानी रिपीट हो गई, जो पिछले 18 साल से चली आ रही है. आईपीएल का इतिहास गवाह है कि नीलामी के सबसे महंगे खिलाड़ी अक्सर उम्मीदों के भारी बोझ तले दब जाते हैं. आईपीएल 2026 में भी कुछ ऐसा ही ग्रीन के साथ हो रहा है.

3 पारियों में सिर्फ 24 रन

कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) ने ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर कैमरून ग्रीन को 25.20 करोड़ रुपये की रिकॉर्ड कीमत पर खरीदकर सबको चौंका दिया था, लेकिन शुरुआती 3 मैचों के बाद केकेआर का यह दांव उल्टा पड़ता दिख रहा है. यह खिलाड़ी सिर्फ 24 रन बना सका है. ग्रीन अब तक तीन मैच खेल चुके हैं. पहले में उन्होंने मुंबई के खिलाफ 18, हैदराबाद के खिलाफ 2 और फिर पंजाब किंग्स के खिलाफ सिर्फ 4 रन किए.

प्लेइंग 11 से हटाने की मांग

इस सीजन में अभी भी कम से कम 11 मैच KKR के बाकी हैं. यह टीम उम्मीद करेगी कि ग्रीन फॉर्म में लौटें. हालांकि फैंस का यह मानना है कि केकेआर के 25.20 करोड़ पानी में चले गए हैं. सोशल मीडिया पर एक्टिव यूजर्स का कहना है कि ग्रीन ने अब तक अपनी कीमत के मुताबिक प्रदर्शन नहीं किया है और लगातार निराश किया है. कुछ फैंस ने तो उन्हें प्लेइंग 11 से हटाने की मांग तक कर दी. कई लोगों का मानना है कि KKR को टॉप ऑर्डर में ज्यादा आक्रामक विकल्पों पर विचार करना चाहिए और टिम सिफर्ट जैसे तूफानी विकेटकीपर को लाना चाहिए.

केविन पीटरसन ने खड़े किए सवाल

सिर्फ फैंस ही नहीं, इंग्लैंड के पूर्व कप्तान केविन पीटरसन ने भी कैमरून ग्रीन के खराब प्रदर्शन पर सवाल खड़े किए हैं. जियोस्टार से बातचीत में पीटरसन ने कहा कि ‘मैं पैसों (नीलामी की कीमत) की बात नहीं करूंगा, लेकिन मुझे नहीं लगता कि वह नंबर-3 पर बल्लेबाजी के लिए अच्छे विकल्प हैं. वह एक मिडिल ऑर्डर बल्लेबाज हैं, जो थोड़ी-बहुत गेंदबाजी कर सकते हैं, लेकिन उन्हें इतनी बड़ी जिम्मेदारी देना सही फैसला नहीं है.’

आईपीएल में ग्रीन के आंकड़े?

आईपीएल 2026 में कैमरून ग्रीन को केकेआर ने 2 बार नंबर 3 जबकि एक बार नंबर 4 पर खिलाया है. साल 2026 में उनका प्रदर्शन खराब रहा है. टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में उन्होंने 7 मैच खेलकर सिर्फ 117 रन किए थे, जबकि पीठ की चोट के चलते गेंदबाजी भी नहीं की. इसी चोट की वजह से क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने उन्हें केकेआर के लिए गेंदबाजी करने से रोका हुआ है. आईपीएल में ग्रीन अब तक 32 मैच खेलकर 31 पारियों में 36.55 के औसत से 731 रन बना चुके हैं. उनके नाम 1 शतक भी दर्ज है.