अहमदाबाद। IPL 2026 का फाइनल गुजरात टाइटंस के लिए किसी बुरे सपने से कम नहीं रहा। एक तरफ टीम को अपने घरेलू मैदान पर रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा, वहीं मैच खत्म होने के कुछ ही घंटों बाद एक बड़ा हादसा टल गया। फाइनल के बाद होटल लौट रही गुजरात टाइटंस की टीम बस में अचानक शॉर्ट सर्किट हो गया, जिससे बस के अंदर धुआं फैलने लगा। स्थिति को देखते हुए सभी खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ को तत्काल बस से सुरक्षित बाहर निकालना पड़ा।

रविवार देर रात हुई इस घटना ने कुछ देर के लिए टीम प्रबंधन और खिलाड़ियों की चिंता बढ़ा दी। हालांकि राहत की बात यह रही कि किसी भी खिलाड़ी या स्टाफ सदस्य को कोई नुकसान नहीं पहुंचा। बाद में फ्रेंचाइजी ने दूसरी बस की व्यवस्था कर सभी को सुरक्षित होटल पहुंचाया।

होटल लौटते समय हुई तकनीकी खराबी

जानकारी के मुताबिक, नरेंद्र मोदी स्टेडियम में फाइनल मुकाबला समाप्त होने के बाद शुभमन गिल की कप्तानी वाली गुजरात टाइटंस टीम होटल लौट रही थी। इसी दौरान रास्ते में टीम बस में तकनीकी खराबी आ गई। शॉर्ट सर्किट के कारण बस के अंदर धुआं फैलने लगा, जिसके बाद सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ को तुरंत नीचे उतार दिया गया।

रिपोर्ट्स के अनुसार, टीम के सदस्य करीब एक घंटे तक सड़क किनारे इंतजार करते रहे। इसके बाद दूसरी बस मंगाई गई और सभी को सुरक्षित होटल पहुंचाया गया। घटना के बाद भारतीय तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज ने भी सोशल मीडिया पर इससे जुड़ी तस्वीर साझा की।

फाइनल में RCB से मिली हार

इससे पहले गुजरात टाइटंस को IPL 2026 के फाइनल में निराशा हाथ लगी। नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए खिताबी मुकाबले में RCB ने गुजरात को 5 विकेट से हराकर लगातार दूसरी बार IPL ट्रॉफी अपने नाम कर ली।

पहले बल्लेबाजी करते हुए गुजरात टाइटंस ने 20 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 155 रन बनाए थे। जवाब में RCB ने 18 ओवर में 5 विकेट खोकर 161 रन बनाते हुए लक्ष्य हासिल कर लिया और खिताब जीत लिया।

पिछले कुछ दिन गुजरात के लिए रहे बेहद मुश्किल

फाइनल से पहले भी गुजरात टाइटंस लगातार चुनौतियों का सामना कर रही थी। खराब मौसम और भारी बारिश के कारण टीम की चार्टर्ड फ्लाइट लगभग तीन घंटे देरी से रवाना हुई थी, जिसके चलते टीम अहमदाबाद देर से पहुंची।

यात्रा में हुई देरी का असर IPL फाइनल से पहले होने वाले कप्तानों के आधिकारिक फोटोशूट पर भी पड़ा। शेड्यूल में बदलाव के बाद ही गुजरात टाइटंस के कप्तान शुभमन गिल और RCB के कप्तान रजत पाटीदार का फोटोशूट हो सका।

लगातार सफर और दबाव के बीच खेला फाइनल

गुजरात टाइटंस का फाइनल तक पहुंचने का सफर भी काफी थकाऊ रहा। 26 मई को धर्मशाला में खेले गए क्वालिफायर-1 में टीम को RCB के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था। इसके बाद टीम चंडीगढ़ पहुंची और फिर 29 मई को मुल्लांपुर में राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ क्वालिफायर-2 खेला।

क्वालिफायर-2 में जीत दर्ज कर गुजरात ने फाइनल का टिकट हासिल किया, लेकिन लगातार यात्रा, खराब मौसम और बड़े मुकाबलों के दबाव के बीच टीम खिताब जीतने में सफल नहीं हो सकी। फाइनल हारने के कुछ ही समय बाद टीम बस में शॉर्ट सर्किट की घटना ने खिलाड़ियों और टीम प्रबंधन की मुश्किलें और बढ़ा दीं। हालांकि समय रहते सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया और बड़ा हादसा टल गया।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H