IPL 2026 Prize Money: करीब दो महीने तक चले रोमांचक मुकाबलों, चौकों-छक्कों की बारिश और आखिरी गेंद तक सांसें रोक देने वाले मैचों के बाद इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 अब अपने अंतिम पड़ाव पर पहुंच गया है। रविवार, 31 मई को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) और गुजरात टाइटंस (GT) के बीच खिताबी मुकाबला खेला जाएगा। दोनों टीमें दूसरी बार आईपीएल चैंपियन बनने के इरादे से मैदान में उतरेंगी।

आरसीबी ने क्वालिफायर-1 में गुजरात टाइटंस को हराकर सबसे पहले फाइनल में जगह बनाई थी। वहीं गुजरात ने हार से वापसी करते हुए क्वालिफायर-2 में राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ 215 रन के विशाल लक्ष्य का सफल पीछा किया। शुभमन गिल और साई सुदर्शन के बीच 167 रन की शानदार साझेदारी के दम पर गुजरात ने राजस्थान को 7 विकेट से हराकर फाइनल का टिकट कटाया।

अब सभी की नजरें इस बात पर हैं कि आईपीएल 2026 की ट्रॉफी के साथ विजेता टीम को कितनी पुरस्कार राशि मिलेगी।

चैंपियन टीम पर होगी करोड़ों की बारिश

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने आईपीएल 2026 के लिए 46.5 करोड़ रुपये से अधिक का कुल पुरस्कार पूल निर्धारित किया है। इस सीजन का खिताब जीतने वाली टीम को प्रतिष्ठित आईपीएल ट्रॉफी के साथ 20 करोड़ रुपये की इनामी राशि दी जाएगी। पूरे सीजन के दौरान शानदार प्रदर्शन करने वाली टीम के लिए यह सबसे बड़ा पुरस्कार होगा।

रनर-अप को भी मिलेगा मोटा इनाम

फाइनल में हारने वाली टीम ट्रॉफी भले ही न जीत पाए, लेकिन उसे भी बड़ी रकम मिलेगी। आईपीएल 2026 की उपविजेता टीम को 13 करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी। यानी फाइनल तक का सफर दोनों टीमों के लिए आर्थिक रूप से भी बेहद फायदेमंद रहेगा।

तीसरे और चौथे स्थान की टीमों को भी मिलेगा पुरस्कार

आईपीएल में प्लेऑफ तक पहुंचना अपने आप में बड़ी उपलब्धि माना जाता है। यही वजह है कि तीसरे और चौथे स्थान पर रहने वाली टीमों को भी पुरस्कार राशि दी जाती है। तीसरे स्थान पर रहने वाली टीम को 7 करोड़ रुपये, जबकि, चौथे स्थान पर रहने वाली टीम को 6.5 करोड़ रुपये की इनामी राशि मिलेगी।

टॉप-4 से बाहर रहने वाली टीमों को नहीं मिलेगा पुरस्कार

आईपीएल 2026 में पांचवें से दसवें स्थान तक रहने वाली टीमों को कोई आधिकारिक पुरस्कार राशि नहीं दी जाएगी। हालांकि फ्रेंचाइजी को टिकट बिक्री, स्पॉन्सरशिप और प्रसारण अधिकारों से मिलने वाली हिस्सेदारी के जरिए अच्छी आय होती रहती है।

खिलाड़ियों और फ्रेंचाइजी मालिकों में कैसे बंटती है राशि?

आईपीएल के नियमों के अनुसार टीम को मिलने वाली कुल पुरस्कार राशि का 50 प्रतिशत हिस्सा खिलाड़ियों के बीच बांटा जाता है, जबकि शेष 50 प्रतिशत राशि फ्रेंचाइजी मालिकों को मिलती है। ऐसे में खिताब जीतने का फायदा खिलाड़ियों और टीम मालिकों दोनों को बराबर रूप से मिलता है।

ऑरेंज कैप और पर्पल कैप विजेताओं को भी मिलेगा इनाम

टीम पुरस्कारों के अलावा व्यक्तिगत प्रदर्शन के लिए भी खिलाड़ियों को सम्मानित किया जाता है। ऑरेंज कैप, पर्पल कैप और अन्य विशेष पुरस्कार जीतने वाले खिलाड़ियों को लगभग 1 करोड़ रुपये तक की अतिरिक्त पुरस्कार राशि दी जाती है। यही वजह है कि सीजन के आखिरी मुकाबले तक व्यक्तिगत रिकॉर्ड और पुरस्कारों की जंग भी जारी रहती है।

अहमदाबाद में होगा महामुकाबला

आईपीएल 2026 का फाइनल मुकाबला अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। पहले फाइनल का आयोजन बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में प्रस्तावित था, लेकिन टिकट और पास विवाद के बाद बीसीसीआई ने आयोजन स्थल बदलने का फैसला लिया।

मैच से पहले रंगारंग समापन समारोह का आयोजन भी किया जाएगा। समापन समारोह शाम करीब 6 बजे शुरू होने की संभावना है। इसके बाद दोनों कप्तान रजत पाटीदार और शुभमन गिल टॉस के लिए मैदान पर उतरेंगे। टॉस शाम 7 बजे होगा, जबकि फाइनल मुकाबला शाम 7:30 बजे शुरू होगा।

अब देखना दिलचस्प होगा कि आरसीबी और गुजरात टाइटंस में से कौन सी टीम ट्रॉफी उठाकर इतिहास रचती है और 20 करोड़ रुपये की चैंपियन प्राइज मनी अपने नाम करती है।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H