Sports Desk – IPL 2026 Flop Players List : आईपीएल 2026 में जहां युवा खिलाड़ियों का जलवा है, तो वहीं 5 ऐसे नाम हैं, जिन्होंने इस लीग में अपनी पहचान बनाई थी, लेकिन इस सीजन वो टीम पर बोझ बन चुके हैं. हर मैच में ये खिलाड़ी निराश कर रहे हैं. ये वही खिलाड़ी हैं, जिन्हें टीमों ने करोड़ों रुपए दिए हैं, लेकिन अब तक वो कुछ खास नहीं कर सके.

IPL 2026 Flop Players List: आईपीएल में हर साल एक नया सीजन होता है. हर सीजन कोई हीरो बनता है, तो किसी का सीजन खराब निकलता है. इस बार 5 ऐसे खिलाड़ी हैं, जो 19वें सीजन में अपनी पहचान खो चुके हैं. पिछले सीजन कमाल करने वाले इन खिलाड़ियों के कंधों पर टीम को आगे ले जाने की जिम्मेदारी थी, लेकिन आज वही खिलाड़ी अपनी टीमों के लिए किसी सिरदर्द बन चुके हैं. हैरानी की बात यह है कि ये वही धुरंधर हैं, जिन्हें टीमों ने करोड़ों रुपये की भारी-भरकम कीमत पर रिटेन किया या खरीदा था, लेकिन 19वें सीजन के 31 मैचों तक के सफर में ये एक भी मैच में छाप नहीं छोड़ सके.

इस लिस्ट में भारत के 5 खिलाड़ी शामिल हैं, जबकि एक विदेशी धुरंधर भी है. सूर्यकुमार यादव की ‘360 डिग्री’ बल्लेबाजी हो या ऋतुराज गायकवाड़ की कप्तानी, इस बार सब कुछ फीका नजर आ रहा है. आलम यह है कि हर गुजरते मैच के साथ इन दिग्गजों का फ्लॉप शो न केवल फैंस को निराश कर रहा है, बल्कि पॉइंट्स टेबल में उनकी टीम की नैया भी डुबो रहा है. आइए जानते हैं इस सीजन में अब तक फ्लॉप टॉप 5 बल्लेबाजों के बारे में.

आईपीएल 2026 में फ्लॉप टॉप 5 बल्लेबाज कौन?

  1. सूर्यकुमार यादव (MI)

सालों तक दुनिया के नंबर-1 टी20 बल्लेबाज रहे सूर्यकुमार यादव इस सीजन में पूरी तरह आउट ऑफ फॉर्म नजर आ रहे हैं. अब तक उन्होंने 6 मैचों में 20.16 की औसत से सिर्फ 121 रन बनाए हैं. उनके बल्ले से सिर्फ एक 51 रन की पारी को हटा दें, तो लगभग हर मैच में सूर्या ने निराश किया है. पंजाब किंग्स के खिलाफ हालिया मैच में सूर्या गोल्डन डक (0) पर आउट हुए थे. उनकी औसत और स्ट्राइक रेट (147), जो आमतौर पर 170+ रहती थी, इस बार गिर गई है.

  1. निकोलस पूरन (LSG)

लखनऊ सुपर जायंट्स के सबसे महंगे खिलाड़ियों में से एक निकोलस पूरन इस बार बार-बार निराश कर रहे हैं. 6 मैचों में उन्होंने सिर्फ 51 रन बनाए हैं. जो खिलाड़ी कभी करीब 40 की औसत से रन बनाता था, वो इस सीजन सिर्फ 8.50 की औसत से रन बना रहा है. मतलब हर एक रन के लिए तरस रहा है. पूरन का स्ट्राइक रेट इस सीजन में गिरकर महज 85 के आसपास रह गया है. रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के खिलाफ उन्होंने 7 गेंदों में केवल 1 रन बनाया था और आउट हो गए थे.

  1. ऋतुराज गायकवाड़ (CSK)

चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ के बल्ले को इस सीजन में ‘जंग’ लग गया है. वो अब तक 6 पारियों में मात्र 91 रन बना पाए हैं. हर सीजन करीब 500 या उससे ज्यादा रन बनाने वाले ऋतुराज के खराब फॉर्म का खामियाजा टीम भुगत रही है. सीएसके वर्तमान में 8वें स्थान पर संघर्ष कर रही है. राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ 11 गेंदों में 6 रन और दिल्ली के खिलाफ 18 गेंदों में 15 रन, गायकवाड़ की ये धीमी पारियां टीम को लगातार हार की ओर धकेल रही हैं.

  1. रियान पराग (RR)

राजस्थान रॉयल्स के कप्तान रियान पराग का बल्ला एकदम खामोश है. बड़े-बड़े छक्के लगाने वाले रियान ने इस सीजन 6 मैचों में सिर्फ 63 रन बनाए हैं. आरसीबी के खिलाफ 8 गेंदों में 5 रन और केकेआर के खिलाफ 14 गेंदों में 12 रन, ये निराश करने वाले आंकड़े हैं. इस बार टीम मैनेजमेंट ने कप्तानी देकर उन पर बहुत भरोसा दिखाया, लेकिन वे मिडिल ऑर्डर में रन बनाने के बजाय विकेट फेंक कर जा रहे हैं.

  1. जितेश शर्मा (RCB)

पिछले सीजन आरसीबी को खिताब दिलाने में कमाल किया था. आखिरी के ओवरों में छक्कों की बारिश कर रहे थे, लेकिन 19वें सीजन में जितेश खराब फॉर्म से जूझ रहे हैं. वो इस सीजन 6 पारियों में केवल 66 रन ही कर सके हैं. जितेश हैदराबाद के खिलाफ खाता भी नहीं खोल पाए थे और दिल्ली के खिलाफ 20 गेंदों में मात्र 14 रन बना सके थे.