IPL 2026 Orange Cap : आईपीएल 2026 में पहले मैच से रनों का पहाड़ खड़ा करने की जंग चल रही है. हर सीजन सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज को ऑरेंज कैप का अवॉर्ड मिलता है. 19वें सीजन में हुए 30 मैचों के बाद इस रेस में जो टॉप 5 बल्लेबाज हैं, उनमें सबसे आगे एक विदेशी धुरंधर है, जो गेंदबाजों के लिए किसी काल से कम नहीं है. ये कोई और नहीं बल्कि सनराइजर्स हैदराबाद के विस्फोटक बल्लेबाज हेनरिक क्लासेन हैं, जिन्होंने अपनी तूफानी बल्लेबाजी से विरोधी टीमों के गेंदबाजों के होश उड़ा रखे हैं. गुजरात के कप्तान शुभमन गिल के पास 20 अप्रैल को खेले गए मुंबई के खिलाफ मैच में नंबर-1 बनने का सुनहरा मौका था, लेकिन वह चूक गए.

सनराइजर्स हैदराबाद के मिडिल ऑर्डर की जान हेनरिक क्लासेन इस सीजन में एक अलग ही लेवल पर खेल रहे हैं. वो अब तक 6 मैचों में 47.17 की औसत से कुल 283 रन बना चुके हैं, जिनमें 19 चौके और 10 छक्के शामिल हैं. खास बात ये है कि क्लासेन ने केवल रन ही नहीं बनाए हैं, बल्कि हैदराबाद की बल्लेबाजी की रीढ़ की हड्डी बनकर उभरे हैं.
तिलक वर्मा ने लगाई लंबी छलांग
मुंबई इंडियंस के स्टार बल्लेबाज तिलक वर्मा ने ऑरेंज कैप की रेस में लंबी छलांग लगाई है. पहले पांच मैचों में फॉर्म से जूझ रहे तिलक GT vs MI मैच से पहले टॉप-50 में भी नहीं थे, लेकिन गुजरात के खिलाफ उन्होंने 45 बॉल पर 101 रनों की उम्दा पारी खेली. इस शतक के दम पर वह 33वें पायदान पर पहुंच गए हैं. 19वें सीजन में तिलक अब तक 6 मैच खेलकर 144 रन बना चुके हैं. इनमें से 101 रन तो उन्होंने एक ही मैच में जीटी के खिलाफ बनाए.
IPL 2026 Orange Cap: ऑरेंज कैप की रेस में शामिल 5 बल्लेबाज
- हेनरिक क्लासेन (SRH)
दाएं हाथ के इस विकेटकीपर बैटर ने अब तक 6 मैच खेलकर 47.17 की औसत से कुल 283 रन बनाए हैं. वह ऑरेंज कैप की रेस में सबसे आगे हैं.
- शुभमन गिल (GT)
गुजरात टाइटंस के कप्तान 265 रनों के साथ दूसरे नंबर पर हैं. गिल ने अब तक 5 मैचों में 53.00 की बेहतरीन औसत और 151.43 के स्ट्राइक रेट से रन बनाए हैं.
- विराट कोहली (RCB)
आरसीबी के स्टार ओपनर किंग कोहली 247 रनों के साथ इस लिस्ट में तीसरे स्थान पर काबिज हैं. उन्होंने 6 मैचों में 49.40 की औसत और 157.32 के स्ट्राइक रेट से कुल 247 रन बनाए हैं.
- वैभव सूर्यवंशी (RR)
चौथे नंबर पर 15 साल के वैभव सूर्यवंशी हैं, जिन्होंने अपने खतरनाक स्ट्राइक रेट (236.54) से सबको हैरान कर दिया है. वह इस सीजन अब तक 6 मैचों में 20 छक्के जड़ चुके हैं. सूर्यवंशी के नाम 6 पारियों में 246 रन दर्ज हैं.
- रजत पाटीदार (RCB)
आरसीबी के कप्तान रजत पाटीदार 230 रनों के साथ पांचवें नंबर पर हैं. पाटीदार ने इस सीजन 6 मैचों में 212.96 के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी की है. 22 छक्कों के साथ वह इस टॉप-5 लिस्ट में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज हैं.

