IPL 2026 Playoffs: आईपीएल सीजन 19 के लीग स्टेज का अंत बेहद रोमांचक रहा। आज 69वें मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स (RR) ने मुंबई इंडियंस को 30 रन से पटखनी देकर 16 अंकों के साथ प्लेऑफ का अंतिम और चौथा टिकट आधिकारिक तौर पर अपने नाम कर लिया है।

राजस्थान की इस निर्णायक जीत ने अंक तालिका के सभी जटिल समीकरणों पर पूर्णविराम लगा दिया, जिसके कारण पंजाब किंग्स (15 अंक) और कोलकाता नाइट राइडर्स (13 अंक) का सफर ग्रुप स्टेज में ही थम गया। कोलकाता के लिए अब दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ जारी मैच नंबर 70 महज एक औपचारिक मुकाबला बनकर रह गया है।

बता दें कि अंक तालिका में शीर्ष पर रहने वाली चार टीमें रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB), गुजरात टाइटंस (GT), सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) और राजस्थान रॉयल्स (RR) अब चमचमाती ट्रॉफी के लिए आपस में भिड़ेंगी।

ये है प्लेऑफ का पूरा शेड्यूल

प्लेऑफ के मुकाबले 26 मई से शुरू होकर 31 मई तक चलेंगे। टूर्नामेंट का पूरा कार्यक्रम इस प्रकार है:

1 – क्वालीफायर 1: RCB बनाम GT (26 मई, धर्मशाला)

अंक तालिका की शीर्ष दो टीमों, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (नंबर 1) और गुजरात टाइटंस (नंबर 2) के बीच यह महामुकाबला 26 मई को धर्मशाला के खूबसूरत मैदान पर खेला जाएगा। इस मैच को जीतने वाली टीम सीधे फाइनल में प्रवेश करेगी, जबकि हारने वाली टीम को क्वालीफायर-2 के रूप में फाइनल में पहुंचने का एक और मौका मिलेगा।

2 – एलिमिनेटर: SRH बनाम RR (27 मई, न्यू चंडीगढ़)

तीसरे स्थान पर मौजूद सनराइजर्स हैदराबाद और चौथे स्थान की राजस्थान रॉयल्स के बीच 27 मई को न्यू चंडीगढ़ में नॉकआउट एलिमिनेटर मैच खेला जाएगा। इस मैच में हारने वाली टीम का सफर यहीं समाप्त हो जाएगा, जबकि विजेता टीम क्वालीफायर-2 में आगे बढ़ेगी।

3 – क्वालीफायर 2: लूज़र (Q1) बनाम विनर (Eliminator) (29 मई, न्यू चंडीगढ़)

क्वालीफायर-1 में हारने वाली टीम (RCB या GT) और एलिमिनेटर जीतने वाली टीम (SRH या RR) के बीच यह नॉकआउट मुकाबला 29 मई को न्यू चंडीगढ़ में खेला जाएगा। इस मैच को जीतने वाली टीम फाइनल का दूसरा टिकट हासिल करेगी।

4 – ग्रैंड फिनाले: विनर (Q1) बनाम विनर (Q2) (31 मई, अहमदाबाद)

देश के सबसे बड़े क्रिकेट स्टेडियम, अहमदाबाद में 31 मई को आईपीएल 2026 का महामुकाबला खेला जाएगा। क्वालीफायर-1 और क्वालीफायर-2 की विजेता टीमें इस दिन खिताब के लिए आपस में टकराएंगी।

लीग स्टेज की कड़ी परीक्षा को पार करने के बाद अब जंग नॉकआउट की है, जहाँ एक भी गलती टीमों को ट्रॉफी की रेस से बाहर कर देगी। इस बार आईपीएल को उसका नया चैंपियन मिलेगा या पुरानी चैंपियन फिर बाजी मारेगी, इसका फैसला 31 मई को अहमदाबाद की पिच पर होगा।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H