Lakshmi Mittal IPL Deal: इंडियन प्रीमियर लीग के 19वें सीजन के बीच राजस्थान रॉयल्स के मालिकाना हक में बदलाव हुआ है। स्टील किंग लक्ष्मी निवास मित्तल और उनके बेटे आदित्य मित्तल के नेतृत्व में मित्तल फैमिली ने वैक्सीन कारोबारी अदार पूनावाला के साथ मिलकर आईपीएल फ्रेंचाइजी राजस्थान रॉयल्स को खरीदने का समझौता कर लिया है। इस सौदे की कुल कीमत लगभग 1.65 बिलियन अमेरिकी डॉलर यानी करीब ₹15,660 करोड़ भारतीय रुपये बताई जा रही है।

सिर्फ IPL टीम नहीं, तीन फ्रेंचाइजी की है डील
बता दें कि यह सौदा केवल राजस्थान रॉयल्स तक सीमित नहीं है। इस अधिग्रहण में साउथ अफ्रीका की पार्ल रॉयल्स और कैरेबियन प्रीमियर लीग की टीम बारबाडोस रॉयल्स भी शामिल हैं। यानी मित्तल फैमिली एक झटके में तीन अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट फ्रेंचाइजी की मालकिन बन जाएगी।

इससे पहले खबर आई थी कि काल सोमानी के नेतृत्व वाले एक अमेरिकी समूह ने राजस्थान रॉयल्स खरीद ली है, लेकिन वह डील आखिरकार फाइनल नहीं हो सकी।
किसके पास कितनी हिस्सेदारी

डील पूरी होने के बाद मित्तल फैमिली के पास करीब 75% हिस्सेदारी होगी। अदार पूनावाला लगभग 18% हिस्सेदारी के साथ बोर्ड में रहेंगे। बाकी करीब 7% हिस्सेदारी मौजूदा निवेशकों के पास बनी रहेगी, जिसमें मनोज बडाले भी शामिल हैं। बडाले फ्रेंचाइजी से जुड़े रहेंगे और टीम में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते रहेंगे।
डील के बाद लक्ष्मी निवास मित्तल, आदित्य मित्तल, वनिशा मित्तल भाटिया, अदार पूनावाला और मनोज बडाले राजस्थान रॉयल्स के बोर्ड में शामिल होंगे।
BCCI की मंजूरी अभी बाकी

हालांकि यह सौदा अभी पूरी तरह अंतिम नहीं माना जा सकता। इसे BCCI, कम्पटीशन कमीशन ऑफ इंडिया (CCI) और IPL गवर्निंग काउंसिल समेत कई नियामक संस्थाओं की मंजूरी मिलनी बाकी है। उम्मीद जताई जा रही है कि यह पूरी प्रक्रिया 2026 की तीसरी तिमाही तक पूरी हो जाएगी।
मित्तल बोले — राजस्थान से गहरा जुड़ाव है

इस मौके पर लक्ष्मी निवास मित्तल ने कहा कि राजस्थान से उनका गहरा नाता है और क्रिकेट उनके दिल के बेहद करीब है, इसलिए राजस्थान रॉयल्स से बेहतर कोई विकल्प हो ही नहीं सकता था। आदित्य मित्तल ने IPL को दुनिया की सबसे बड़ी स्पोर्ट्स लीग में से एक बताते हुए कहा कि वे इस टीम का हिस्सा बनने को लेकर बेहद उत्साहित हैं। वहीं अदार पूनावाला ने राजस्थान रॉयल्स को एक मजबूत विरासत वाली फ्रेंचाइजी बताया और कहा कि वे इसे आगे बढ़ाने में पूरा योगदान देंगे।
खेल नहीं, अब बड़ा कारोबार है IPL

यह डील एक बार फिर साबित करती है कि IPL अब केवल क्रिकेट का मंच नहीं, बल्कि एक हाई-वैल्यू ग्लोबल बिजनेस बन चुका है। देश के बड़े उद्योगपतियों की इसमें बढ़ती दिलचस्पी यह दर्शाती है कि भारतीय क्रिकेट की आर्थिक ताकत आने वाले वर्षों में और भी मजबूत होने वाली है।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

