IPL 2026: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 का 19वां संस्करण 28 मार्च को शुरू हो चुका है। अब तक 5 मुकाबले खेले जा चुके हैं और डिफेंडिंग चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने अपने अभियान की शानदार शुरुआत की है। लेकिन RCB के श्रीलंकाई तेज गेंदबाज नुवान तुषारा टीम के साथ नहीं जुड़ पाए हैं, क्योंकि उन्हें श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड (SLC) की तरफ से एनओसी (No Objection Certificate) नहीं मिला है।

नुवान ने अब इस मामले में बड़ा कदम उठाते हुए कोलंबो जिला न्यायालय का दरवाजा खटखटाया है और कोर्ट से SLC को एनओसी जारी करने का आदेश देने की मांग की है। समाचार एजेंसी PTI की रिपोर्ट के अनुसार, इस याचिका की अगली सुनवाई 9 अप्रैल को होगी।
श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड ने फिटनेस टेस्ट पास न करने के कारण नुवान को एनओसी जारी नहीं किया। 31 मार्च को नुवान का SLC के साथ अनुबंध समाप्त हो गया था और उन्होंने बोर्ड को यह जानकारी दी कि वह अपने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट करियर से रिटायरमेंट लेना चाहते हैं। नुवान का कहना है कि ऐसे हालात में बोर्ड का एनओसी न देना अनुचित है।
नुवान ने अपने बयान में यह भी कहा कि उनका फिटनेस स्तर कभी कम नहीं पाया गया और SLC ने पहले भी इसी स्तर के साथ उन्हें खेलने की अनुमति दी थी। बोर्ड ने पिछले कुछ वर्षों में अपने सभी खिलाड़ियों के नेशनल टीम चयन के लिए फिटनेस टेस्ट पास करना अनिवार्य कर रखा है।
नुवान तुषारा IPL 2025 में RCB के लिए 1.6 करोड़ रुपये में खरीदे गए थे। उन्होंने IPL में अब तक कुल 8 मैच खेले हैं और 9 विकेट लिए हैं। इससे पहले उन्होंने 2024 में मुंबई इंडियंस के लिए 7 मैच खेले थे। इस मामले ने IPL 2026 के शुरुआती चरण में विदेशी खिलाड़ियों की फ्रेंचाइजी के साथ विलंबित जॉइनिंग की समस्या को फिर से उजागर कर दिया है।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

