IPL 2026 RCB vs GT Qualifier 1: आईपीएल सीजन 19 के पहले क्वालिफायर में आज डिफेंडिंग चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) और गुजरात टाइटंस (GT) की टीमें आमने-सामने हैं। धर्मशाला के हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में खेले जा रहे इस मुकाबले में GT के कप्तान शुभमन गिल ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया है। गिल ने बताया कि उन्होंने इस मैच के लिए प्लेइंग-11 में एक बदलाव किया है। टीम में अरशद खान की जगह कुलवंत खेजरोलिया को जगह मिली है। जबकि, RCB ने अपनी प्लेइंग 11 में कोई बदलाव नहीं किया है।

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और गुजरात टाइटंस के बीच यह अहम मुकाबला आज शाम 7:30 बजे से खेला जाएगा। मैच से पहले आइए दोनों टीमों के हेड टू हेड रिकॉर्ड, पिच रिपोर्ट, प्लेइंग इलेवन और लाइव स्ट्रीमिंग समेत सभी जरूरी अपडेट्स पर एक नजर डालते हैं।

धर्मशाला की पिच रिपोर्ट

धर्मशाला के हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम की पिच हमेशा से तेज गेंदबाजों के लिए मददगार मानी जाती है। पहाड़ों के बीच बसे इस मैदान पर गेंद हवा में मूव करती है, जिससे पेसर्स को अच्छी स्विंग और बाउंस मिलती है। हालांकि, बल्लेबाज भी यहां बड़े शॉट लगाने से पीछे नहीं रहते और मुकाबले अक्सर हाई स्कोरिंग देखने को मिलते हैं।

आईपीएल में इस मैदान पर अब तक 17 मैच खेले गए हैं और सभी मुकाबलों का नतीजा निकला है। इनमें से 10 मैच पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम ने जीते हैं, जबकि 7 बार लक्ष्य का पीछा करने वाली टीम को सफलता मिली है। वहीं, टॉस का असर यहां ज्यादा देखने को नहीं मिलता, क्योंकि टॉस जीतने वाली टीम ने 8 और हारने वाली टीम ने 9 मुकाबले जीते हैं।

धर्मशाला में पहली पारी का औसत स्कोर करीब 192 रन है, जो इस मैदान की बल्लेबाजी के लिए अनुकूल परिस्थितियों को दर्शाता है। इम्पैक्ट प्लेयर नियम आने के बाद यहां 200 से ज्यादा का स्कोर भी सामान्य माना जा रहा है। हालांकि, दूसरी पारी में औसत स्कोर घटकर लगभग 167 रन रह जाता है, जिससे साफ है कि यहां रन चेज करना आसान नहीं होता।

गेंदबाजों की बात करें तो इस मैदान पर पेसर्स का दबदबा रहता है। यहां लगभग 76 फीसदी विकेट तेज गेंदबाजों के खाते में जाते हैं, जबकि स्पिनर्स को सिर्फ 24 फीसदी सफलता मिलती है। यही वजह है कि कप्तान ज्यादातर ओवर अपने तेज गेंदबाजों से ही करवाना पसंद करते हैं। कई बार कुलदीप यादव, अक्षर पटेल और युजवेंद्र चहल जैसे अनुभवी स्पिनर्स को भी पूरे ओवर नहीं मिल पाते। ऐसे में इस मुकाबले में भी दोनों टीमों के तेज गेंदबाज जीत-हार में अहम भूमिका निभाते नजर आ सकते हैं।

RCB बनाम GT हेड टू हेड में किसका पलड़ा है भारी?

आईपीएल इतिहास में RCB और GT के बीच अब तक बराबरी की टक्कर देखने को मिली है। दोनों टीमों के बीच अब तक कुल 8 मुकाबले खेले गए हैं, जिसमें दोनों ने 4-4 मैच अपने नाम किए हैं। इस सीजन में भी दोनों टीमें दो बार आमने-सामने आई हैं और दोनों ने एक-एक मुकाबले में जीत दर्ज की है। पिछले मैच में गुजरात टाइटंस ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को 4 विकेट से हराया था, जबकि उससे पहले RCB ने GT को 5 विकेट से मात दी थी।

धर्मशाला में बारिश के 80% आसार

गौरतलब है कि धर्मशाला में आज शाम बारिश की काफी संभावना जताई जा रही है। मौसम विभाग के अनुसार मुकाबले के दौरान करीब 80 फीसदी बारिश के आसार हैं। ऐसे में अगर आईपीएल 2026 का क्वालिफायर-1 बारिश की वजह से रद्द होता है, तो रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु बिना मैच खेले सीधे फाइनल में पहुंच जाएगी।

दरअसल, लीग चरण में RCB अंक तालिका में शीर्ष स्थान पर रही थी और क्वालिफायर-1 के लिए कोई रिजर्व डे भी निर्धारित नहीं किया गया है। ऐसे में मैच धुलने की स्थिति में बेहतर रैंकिंग वाली टीम को फायदा मिलेगा।

वहीं, गुजरात टाइटंस के लिए राहत की बात यह है कि अगर मैच नहीं हो पाता, तब भी टीम पूरी तरह टूर्नामेंट से बाहर नहीं होगी। क्वालिफायर-1 में हारने वाली टीम को फाइनल में पहुंचने का एक और मौका मिलता है। ऐसे में GT को क्वालिफायर-2 खेलने का अवसर मिलेगा, जहां उसका सामना एलिमिनेटर मुकाबले की विजेता टीम से हो सकता है।

RCB और GT की प्लेइंग 11

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB)

वेंकटेश अय्यर, विराट कोहली, देवदत्त पडिक्कल, रजत पाटीदार (कप्तान), जितेश शर्मा (विकेटकीपर), टिम डेविड, क्रुणाल पंड्या, भुवनेश्वर कुमार, जैकब डफी, जोश हेजलवुड, रसिख सलाम डार

इम्पैक्ट प्लेयर: रोमारियो शेफर्ड, सुयश शर्मा, कनिष्क चौहान, अभिनंदन सिंह, जॉर्डन कॉक्स

गुजरात टाइटंस (GT)

साई सुदर्शन, शुभमन गिल (कप्तान), जोस बटलर (विकेटकीपर), वाशिंगटन सुंदर, निशांत सिंधु, जेसन होल्डर, राशिद खान, कुलवंत खेजरोलिया, कैगिसो रबाडा, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा

इम्पैक्ट प्लेयर: राहुल तेवतिया, ग्लेन फिलिप्स, अनुज रावत, कुमार कुशाग्र, साई किशोर

कहां देख सकेंगे लाइव मैच?

आईपीएल 2026 के इस मुकाबले का लाइव प्रसारण दर्शक टेलीविजन पर शाम 7:30 बजे से स्टार स्पोर्ट्स के चैनलों पर देख सकते हैं। वहीं, मैच की लाइव स्ट्रीमिंग JioHotstar ऐप पर उपलब्ध रहेगी। इसके अलावा, लल्लूराम डॉट कॉम पर भी आप मैच से जुड़ी हर अपडेट और लाइव स्कोर देख सकते हैं।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H