IPL 2026 RCB vs GT Qualifier 1: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के पहले क्वालिफायर में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के कप्तान रजत पाटीदार ने धमाकेदार बल्लेबाजी करते हुए कई बड़े रिकॉर्ड अपने नाम कर लिए। गुजरात टाइटंस (GT) के खिलाफ धर्मशाला में खेले जा रहे इस मुकाबले में पाटीदार ने नाबाद 93 रन की तूफानी पारी खेली और अपनी टीम को 254/5 के विशाल स्कोर तक पहुंचाया।
बता दें कि इस पारी में रजत पाटीदार ने सिर्फ 33 गेंदों में 93 रन बनाए। इस दौरान उनके बल्ले से 5 चौके और 9 गगनचुंबी छक्के निकले। उनकी स्ट्राइक रेट 281.82 की रही। उन्होंने महज 21 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया, जो उनके आईपीएल करियर का 13वां पचासा रहा। हालांकि, वह शतक से सिर्फ 7 रन दूर रह गए।
93 रन पर गिरा दूसरा विकेट, फिर बदला मैच
RCB को 93 रन के स्कोर पर दूसरा झटका लगा था। इसके बाद बल्लेबाजी करने आए रजत पाटीदार ने आते ही आक्रामक तेवर दिखाए और गुजरात के गेंदबाजों पर दबाव बना दिया। उन्होंने क्रुणाल पांड्या के साथ 45 गेंदों में 95 रन की तेज साझेदारी की। वहीं, जितेश शर्मा के साथ 12 गेंदों में 40 रन और टिम डेविड के साथ सिर्फ 11 गेंदों में 25 रन जोड़कर टीम के स्कोर को 250 के पार पहुंचा दिया।
प्लेऑफ में कप्तान के तौर पर सबसे बड़ी पारी
रजत पाटीदार अब आईपीएल प्लेऑफ में कप्तान के तौर पर संयुक्त रूप से सबसे बड़ी पारी खेलने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। इससे पहले डेविड वार्नर ने भी प्लेऑफ मुकाबले में नाबाद 93 रन बनाए थे, हालांकि वार्नर ने यह पारी 58 गेंदों में खेली थी। वहीं, श्रेयस अय्यर 87* रन के साथ इस सूची में दूसरे स्थान पर हैं। उन्होंने मुंबई इंडियंस के खिलाफ 41 गेंदों में यह पारी खेली थी। इसके अलावा एडम गिलक्रिस्ट ने प्लेऑफ में कप्तान के तौर पर 35 गेंदों में 85 रन बनाए थे, जबकि केएल राहुल 58 गेंदों में 79 रन की पारी खेल चुके हैं।
प्लेऑफ में RCB के लिए दूसरा सबसे बड़ा स्कोर
रजत ने RCB के लिए प्लेऑफ में दूसरा सबसे बड़ा स्कोर बनाया। पहले स्थान पर भी रजत ही हैं। उन्होंने लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ 112* रन (2022) की पारी खेली थी। क्रिस गेल तीसरे स्थान पर हैं। उन्होंने मुंबई इंडियंस (MI) के खिलाफ 89 रन बनाए थे। रजत ने प्लेऑफ की 6 पारियों में 112.7 की औसत से 338 रन बनाए हैं। उनके बल्ले से 2 अर्धशतक और एक शतक निकला है। उनकी स्ट्राइक रेट 193.14 की रही है।
प्लेऑफ स्टेज में RCB के लिए सबसे तेज फिफ्टी
पाटीदार प्लेऑफ स्टेज में आरसीबी के लिए सबसे तेज फिफ्टी जड़ने वाले बल्लेबाज बन गए। ओवरऑल पाटीदार प्लेऑफ मैच में संयुक्त रूप से सबसे तेज अर्धशतक लगाने वाले तीसरे खिलाड़ी बने।
पाटीदार की तरह वीरेंद्र सहवाग और ड्वेन स्मिथ ने भी प्लेऑफ मुकाबलों में 21-21 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया है। इस सूची में सुरेश रैना पहले स्थान पर हैं। रैना ने 2014 में पंजाब किंग्स के खिलाफ 16 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया था।
IPL के नॉकआउट/प्लेऑफ मैचों में सबसे तेज फिफ्टी (गेंदों के आधार पर)
16 गेंद – सुरेश रैना बनाम पंजाब किंग्स, वानखेड़े, 2014
17 गेंद – एडम गिलक्रिस्ट बनाम दिल्ली कैपिटल्स, सेंचुरियन, 2009
20 गेंद – एमएस धोनी बनाम मुंबई इंडियंस, बेंगलुरु, 2012
21 गेंद – ड्वेन स्मिथ बनाम चेन्नई सुपर किंग्स, दिल्ली, 2013
21 गेंद – वीरेंद्र सहवाग बनाम चेन्नई सुपर किंग्स, वानखेड़े, 2014
21 गेंद – रजत पाटीदार बनाम गुजरात टाइटंस, धर्मशाला, 2026
ऐसा रहा है रजत का IPL करियर
रजत ने अपना पहला IPL मुकाबला साल 2021 में खेला था। उन्होंने 56 मैच खेले हैं और इसकी 51 पारियों में 33.97 की औसत और 165.14 की स्ट्राइक रेट से 1,597 रन बनाए हैं। उनके बल्ले से एक शतक और 14 अर्धशतक निकले हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 112* रन रहा है।
IPL 2026 में इस खिलाड़ी ने 13 पारियों में 2 बार नाबाद रहते हुए 44.18 की औसत और 196.76 की स्ट्राइक रेट से 486 रन बनाए हैं।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

