IPL 2026 RCB vs SRH Opening Match: आईपीएल 2026 का आगाज अब से कुछ घंटों के बाद हो जाएगा. 28 मार्च यानी आज ओपनिंग मुकाबला है, जो डिफेंडिंग चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) और सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के बीच खेला जाना है.
बेंगलुरु के होम ग्राउंड एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में शाम 7:30 बजे यह मैच शुरू होगा. यह मैदान ओपनिंग मुकाबले के जरिए एक ऐतिहासिक और भावुक पल का गवाह बनने जा रहा है. पहले मुकाबले के लिए आरसीबी ने एक ऐसा फैसला लिया है, जिसने हर किसी को वो घटना याद दिला दी, जिसमें 11 जिंदगियां हमेशा के लिए दुनिया छोड़ गई थीं.
मैच से पहले आरसीबी फ्रेंचाइजी ने तय किया है कि टीम के सभी खिलाड़ी अपनी बांह पर काली पट्टी बांधकर मैदान पर उतरेंगे. यह फैसला पिछले साल यानी आईपीएल 2025 की उस दुखद घटना से जुड़ा है, जिसने पूरे बेंगलुरु और क्रिकेट जगत को झकझोर कर रख दिया था.
आईपीएल 2025 में जब आरसीबी ने पहला खिताब जीता था तो जश्न के लिए उसके घरेलू मैदान चिन्नास्वामी स्टेडियम के बाहर भारी भीड़ जमा हो गई थी. भीड़ में अचानक भीषण भगदड़ मच गई थी, जिसमें 11 फैंस की मौत हो गई थी. इस हादसे ने हर किसी की आंखें नम कर दी थीं.
इस हादसे के चलते सुरक्षा कारणों से चिन्नास्वामी स्टेडियम में क्रिकेट पर पाबंदी लगा दी गई थी, लेकिन पूरे 9 महीने बाद यहां आईपीएल के जरिए क्रिकेट की वापसी हो रही है. आरसीबी ने बांह पर काली पट्टी बांधकर उस घटना में मारे गए 11 लोगों और उनके परिवार के सदस्यों को श्रद्धांजलि देने का निर्णय लिया है.
आरसीबी ने क्या कहा?
आरसीबी ने मैच से पहले एक आधिकारिक बयान भी जारी किया, जिसमें बताया गया है कि, ‘उन 11 प्रशंसकों के सम्मान में आज स्टेडियम में 11 सीटें हमेशा के लिए खाली रखी जाएंगी, खिलाड़ी वार्म-अप के दौरान 11 नंबर की जर्सी पहनेंगे और पूरे मैच के दौरान काली पट्टी बांधेंगे. यह उन फैंस को एक अंतिम विदाई और सम्मान है, जिनका अटूट समर्थन आरसीबी की ताकत रहा है.’
इसी मैदान पर होगा फाइनल
2025 में भगदड़ कांड के चलते स्टेडियम की सुरक्षा पर सवाल उठे थे. यही वजह रही थी कि महिला वर्ल्ड कप 2025 और महाराजा ट्रॉफी जैसे बड़े टूर्नामेंट यहां आयोजित नहीं हुए. आईपीएल 2026 से कुछ दिन पहले तक यह तय नहीं था कि आरसीबी अपने होम ग्राउंड पर मैच खेल पाएगी या नहीं, लेकिन कुछ दिनों पहले कर्नाटक कैबिनेट और विशेष समिति की हरी झंडी के बाद इस मैदान में आईपीएल के मैचों के लिए मंजूरी मिली है. यह वही मैदान है, जहां 19वें सीजन के प्लेऑफ और फाइनल भी होंगे.
17 साल बाद हो रहा ऐसा
आरसीबी और एसआरएच के बीच होने वाला यह ओपनिंग मुकाबला कई मायनों में खास है. यह पहली बार है जब आरसीबी बतौर चैंपियन मैदान पर उतर रही है और वह एक पूर्व चैंपियन टीम के खिलाफ खेलेगी. सिर्फ इतना ही नहीं, पूरे 9 साल बाद IPL के किसी सीजन की शुरुआत RCB और SRH के मुकाबले से होगी.
इससे पहले ऐसा 2017 के सीजन में हुआ था जब दोनों टीमों के साथ सीजन का आगाज हुआ था. उस मैच में बेंगलुरु की प्लेइंग-11 में स्टार बल्लेबाज ट्रेविस हेड भी शामिल थे, जो इस बार हैदराबाद की ओर से खेल रहे हैं, जबकि उस दफा हैदराबाद के दिग्गज तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार इस बार आरसीबी का हिस्सा हैं.
ओपनिंग मैच के लिए RCB का स्क्वाड
जोश हेजलवुड, रसिख सलाम डार, अभिनंदन सिंह, जैकब बेथेल, जॉर्डन कॉक्स, स्वप्निल सिंह, कनिष्क चौहान, सात्विक देसवाल, विराट कोहली, फिलिप साल्ट, देवदत्त पडिक्कल, रजत पाटीदार (कप्तान), टिम डेविड, जितेश शर्मा (विकेटकीपर), वेंकटेश अय्यर, मंगेश अय्यर, विहान मल्होत्रा, विक्की ओस्तवाल, क्रुणाल पंड्या, रोमारियो शेफर्ड, भुवनेश्वर कुमार, सुयश शर्मा, जैकब डफी.
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए करें क्लिक

