Most Wickets in IPL since 2020: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) को भले ही बल्लेबाजों का खेल कहा जाता हो, लेकिन इतिहास गवाह है कि ट्रॉफी वही टीम उठाती है, जिसके पास ‘विकेट लेने वाले’ गेंदबाज होते हैं. पिछले 5 सालों में इस लीग में जिन खिलाड़ियों ने सबसे ज्यादा विकेट निकाले हैं, आइए उनके बारे में विस्तार से जानते हैं.
Most Wickets in IPL since 2020: इंडियन प्रीमियर लीग का हर सीजन नया रोमांच लेकर आता है. नए खिलाड़ी आते हैं और छा जाते हैं, लेकिन कुछ ऐसे दिग्गज भी हैं, जिनका जलवा इस लीग में पिछले कई सालों से बरकरार है. आईपीएल 2026 से ठीक पहले आखिरी 5 सालों में इस लीग के सबसे बड़े ‘शिकारियों’ की एक लिस्ट सामने आई है, जिसमें उन 5 धुरंधरों के नाम हैं, जिन्होंने ना सिर्फ बल्लेबाजों को रन नहीं बनाने दिए, बल्कि विकेटों की झड़ी लगा दी. ये वही गेंदबाज हैं, जिन्होंने बार-बार विकेट लेकर मैच का रुख पलटा और अपनी टीम को जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई. अब 19वें सीजन यानी आईपीएल 2026 में एक बार फिर ये गेंदबाज विरोधी टीमों के बल्लेबाजों पर कहर बनकर टूटने को तैयार हैं.
साल 2020 से 2025 के बीच IPL में कई बदलाव आए. टीमें बदलीं, इम्पैक्ट प्लेयर से लेकर नो-बॉल के नियम तक बदले, लेकिन अगर कुछ नहीं बदला तो इन 5 गेंदबाजों की कंसिस्टेंसी. यही वजह है कि इन गेंदबाजों ने अपनी घातक गेंदबाजी के दम पर बल्लेबाजों की नाक में दम कर रखा है. इनमें पहला नाम युजवेंद्र चहल का है, जिनके नाम इस लीग के इतिहास में सबसे ज्यादा विकेट भी दर्ज हैं.
- युजवेंद्र चहल
दाएं हाथ के लेग स्पिनर युजवेंद्र चहल ने 2020 से अब तक कुल 121 विकेट चटकाए हैं. वह निडर गेंदबाज हैं, जो पिटने से नहीं डरते और गेंद को हवा में फ्लाइट देकर बल्लेबाजों को फंसा लेते हैं. इस लीग के इतिहास में उनके नाम 174 मैचों में 221 विकेट दर्ज हैं.
- हर्षल पटेल
इस लिस्ट में नंबर 2 पर दाएं हाथ के तेज गेंदबाज हर्षल पटेल हैं, जिन्होंने 2020 से लेकर 2025 तक कुल 108 विकेट लिए. खास बात यह है कि वह 2021 के सीजन में 32 विकेट लेकर ‘पर्पल कैप’ जीतने में सफल रहे थे. हर्षल की सबसे बड़ी ताकत उनकी स्लोअर बॉल और सटीक यॉर्कर है. वह पिछले 5 सालों में RCB, दिल्ली और पंजाब किंग्स के लिए खेले हैं.
- ट्रेंट बोल्ट
बाएं हाथ के कीवी गेंदबाज ट्रेंट बोल्ट ने पिछले 5 साल में 106 विकेट हासिल किए हैं. वह ऐसे गेंदबाज हैं, जो पहले ही ओवर में विकेट निकालने के लिए जाने जाते हैं. पावरप्ले में नई गेंद को स्विंग कराना और शुरुआती झटके देना बोल्ट की पहचान है. वह IPL 2026 में मुंबई इंडियंस के लिए खेलते नजर आएंगे.
- राशिद खान
राशिद खान ने पिछले 5 सालों में IPL में अपनी स्पिन का लोहा मनवाया है. 2020 से अब तक वह 103 विकेट ले चुके हैं. उनकी इकॉनमी भी शानदार रहती है. उनके पास दो घातक हथियार हैं लेग स्पिन और गुगली, जिनका तोड़ ढूंढना आज भी बड़े-बड़े बल्लेबाजों के लिए मुश्किल है. IPL 2026 में वह शुभमन गिल की कप्तानी में गुजरात टाइटंस के लिए एक बार फिर जलवा दिखाएंगे.
- जसप्रीत बुमराह
इस लिस्ट में पांचवां नाम जसप्रीत बुमराह का है, जिन्होंने 2020 से अब तक 101 विकेट लिए हैं. खास बात यह है कि बुमराह ने 2023 का पूरा सीजन चोट के कारण मिस किया था, इसके बावजूद वह टॉप-5 में शामिल हैं. अगर वह सीजन खेलते, तो शायद नंबर 1 या 2 पर भी हो सकते थे. बुमराह की घातक गेंदबाजी के सामने बड़े-बड़े बल्लेबाज बेबस नजर आते हैं. IPL 2026 में वह एक बार फिर मुंबई इंडियंस के लिए कहर बरपाने को तैयार हैं.
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

