2027 ODI World Cup: आईपीएल 2026 का आगाज 28 मार्च से हो रहा है. जबकि वनडे विश्व कप 2027 का आयोजन अक्टूबर-नवंबर 2027 में होगा. ये मुकाबले साउथ अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया में खेले जाएंगे. इस महा इवेंट की तैयारी अभी से शुरू हो चुकी है.

2027 ODI World Cup: टी20 विश्व कप 2026 का खिताब जीत चुकी टीम इंडिया का अगला मिशन 2027 में होने वाला वनडे विश्व कप है, जिसमें ट्रॉफी जीतने के लिए भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने अभी से तैयारी शुरू कर दी है. इस वर्ल्ड कप का ब्लूप्रिंट भी तैयार कर लिया गया है, जिसके तहत 20 खिलाड़ी तय कर लिए गए हैं, लेकिन अभी सभी नामों का खुलासा नहीं हुआ है. वर्ल्ड कप के लिए तय किए गए 20 खिलाड़ियों की लिस्ट में जो भी नाम हैं, उन पर सेलेक्शन पैनल कड़ी नजर रखने वाला है. इसकी शुरुआत आईपीएल 2026 के जरिए होगी. यही वजह है कि आईपीएल का 19वां सीजन वर्ल्ड कप के लिहाज से बेहद अहम और खास होने वाला है.

मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो बीसीसीआई और चयनकर्ताओं ने अभी से उन 20 संभावित खिलाड़ियों की एक ‘सीक्रेट लिस्ट’ तैयार कर ली है, जिन्हें अगले साल दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया में होने वाले विश्व कप के लिए तैयार किया जाएगा. इसका मतलब ये हुआ कि आईपीएल 2026 में जलवा दिखाने वाले नए खिलाड़ियों के लिए सीधे वनडे विश्व कप 2027 में जगह बनाना आसान नहीं होगा.

आईपीएल 2026 के जरिए किया जाएगा ये काम

आईपीएल 2026 के जरिए तय किए गए इन 20 चुने हुए खिलाड़ियों की फिटनेस और फॉर्म को परखा जाएगा. मतलब यह सीजन एक ‘टेस्टिंग ग्राउंड’ साबित होने जा रहा है, जिसमें अजीत अगरकर की अगुवाई वाली चयन समिति ने हर हफ्ते कम से कम पांच मैचों पर पैनी नजर रखने का एक विशेष खाका तैयार किया है. इसका मतलब साफ है कि जब खिलाड़ी मैदान पर अपनी-अपनी टीमों को मैच जिताने के लिए दम लगा रहे होंगे, तब सेलेक्टर्स की उन पर पैनी नजर होगी. माना जा रहा है कि जिस भी खिलाड़ी का प्रदर्शन खराब रहा, उसका पत्ता इस लिस्ट से कट सकता है.

कौन सेलेक्टर्स कहां मैच देखेंगे?

रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि चयनकर्ता खिलाड़ियों के मुकाबलों के दौरान स्टेडियम में भी रहेंगे और टीवी पर भी मैच देखेंगे. टीम इंडिया के चीफ सेलेक्टर अजीत अगरकर मुंबई के रहने वाले हैं, जबकि शिवसुंदर दास कोलकाता, आरपी सिंह और अजय रात्रा दिल्ली-एनसीआर में रहते हैं. इसलिए ये सभी अपने-अपने शहरों में होने वाले मैचों को स्टेडियम में जाकर देखेंगे. वहीं, प्रज्ञान ओझा आईपीएल के कुछ मुकाबले बेंगलुरु और हैदराबाद में जाकर देख सकते हैं. बोर्ड चाहता है कि चयनकर्ता हर हफ्ते कम से कम एक मैच देखें, जिससे मैदान से हर हफ्ते पांच मैच कवर हो जाएं.

इस खिलाड़ी पर रखी जाएगी खास नजर

वनडे विश्व कप 2027 के बाद 2028 में ओलंपिक खेल भी होने हैं. इसलिए इन दोनों बड़े इवेंट्स की प्लानिंग अभी से की जा रही है. जिन 20 खिलाड़ियों के नाम लिस्ट में हैं, उनमें खास तौर पर जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा और अर्शदीप सिंह पर नजर रखी जाएगी. इसके अलावा ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या की फिटनेस और फॉर्म पर भी खास ध्यान दिया जाएगा.