IPL Top 10 Lowest Scores : इंडियन प्रीमियर लीग का इतिहास 18 साल पुराना है. 2008 में पहला सीजन हुआ था और अब 28 मार्च से 19वें सीजन का आगाज होगा. इतने सालों में इस लीग में चौके-छक्कों की बारिश हुई है. वैसे भी टी20 क्रिकेट को बल्लेबाजों का गेम माना जाता है और बात जब आईपीएल की आती है तो चौके-छक्कों की बारिश होती है, लेकिन आपको जानकर हैरानी होगी कि इस लीग में कुछ टीमें मुश्किल से 50-60 रनों तक पहुंच सकीं. डिफेंडिंग चैंपियन आरसीबी के नाम सबसे छोटा स्कोर बनाने का शर्मनाक रिकॉर्ड दर्ज है.

आईपीएल का इतिहास गवाह है कि यहां कई बार दिग्गज टीमों ने घुटने टेके हैं. घातक गेंदबाजी के सामने धुरंधर बल्लेबाज भी बेबस दिखे. आईपीएल 2026 का आगाज 28 मार्च को रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच होने जा रहा है. पहले ही मैच में दोनों बड़ी टीमें हैं, चौके-छक्कों की बारिश होने की पूरी उम्मीद है, लेकिन आज से 9 साल पहले यानी 2017 में यही आरसीबी की टीम सिर्फ 49 रनों पर सिमट गई थी. सुनने में यह अजीब बात है, लेकिन ऐसा ही हुआ था.

दरअसल, आईपीएल 2017 में इस लीग के इतिहास का सबसे छोटा इनिंग टोटल बना था. यह शर्मनाक रिकॉर्ड विराट कोहली की कप्तानी वाली आरसीबी के नाम दर्ज है. यह मुकाबला कोलकाता के ऐतिहासिक ईडन गार्डन्स मैदान पर आरसीबी और केकेआर के बीच खेला गया था. विराट कोहली ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी थी. आरसीबी के गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) को महज 131 रनों पर समेट दिया था. 132 रनों का टारगेट दिखने में छोटा था, क्योंकि आरसीबी के पास दिग्गजों की फौज थी, लेकिन किसी को पता नहीं था कि क्या होने वाला है.

ताश के पत्तों की तरह बिखर गई थी आरसीबी (IPL Top 10 Lowest Scores)

जब आरसीबी 132 रनों के टारगेट का पीछा करने उतरी तो ताश के पत्तों की तरह बिखर गई. टीम का कोई भी बल्लेबाज दहाई (Double Digit) का आंकड़ा तक नहीं छू सका. कप्तान विराट कोहली गोल्डन डक (0) पर आउट हुए, तो एबी डिविलियर्स (8) और क्रिस गेल (7) जैसे विस्फोटक बल्लेबाज भी फ्लॉप रहे. पूरी टीम महज 49 रनों पर सिमट गई. यह आईपीएल के इतिहास में किसी भी टीम द्वारा बनाया गया सबसे न्यूनतम स्कोर है. उस मैच को केकेआर ने 82 रनों के बड़े अंतर से जीता था. केकेआर के लिए नाथन कूल्टर-नाइल, क्रिस वोक्स, कॉलिन डी ग्रैंडहोम ने 3-3 शिकार किए थे. एक विकेट उमेश यादव ने निकाला था.

कई बड़ी टीमों के नाम लिस्ट में शामिल

अकेली आरसीबी ऐसी टीम नहीं है, जो ताश के पत्तों की तरह बिखरी है. जब हम इस लीग में टॉप 10 सबसे छोटे टोटल देखते हैं तो इस लिस्ट में राजस्थान रॉयल्स, दिल्ली डेयरडेविल्स (अब दिल्ली कैपिटल्स) और मुंबई इंडियंस जैसी टीमों का नाम दिखता है. दूसरे नंबर पर राजस्थान की टीम है, जो 2009 में सिर्फ 58 रन ही बना सकी थी.

IPL इतिहास के टॉप 10 सबसे छोटे स्कोर

रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB)– 49 रन बनाम KKR, 2017

राजस्थान रॉयल्स (RR)– 58 रन बनाम RCB, 2009

राजस्थान रॉयल्स (RR)– 59 रन बनाम RCB, 2023

दिल्ली डेयरडेविल्स (DD)– 66 रन बनाम MI, 2017

दिल्ली डेयरडेविल्स (DD)– 67 रन बनाम KXIP, 2017

कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR)– 67 रन बनाम MI, 2008

रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB)– 68 रन बनाम SRH, 2022

रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB)– 70 रन बनाम CSK, 2019

रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB)– 70 रन बनाम RR, 2014

किंग्स इलेवन पंजाब (KXIP)– 73 रन बनाम RPS, 2017

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H