IPL Valuations Soar: आईपीएल फ्रेंचाइजी की वैल्यूएशन पर आई फनेटिक स्पोर्ट्स और हुरुन की रिपोर्ट के मुताबिक कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) लीग की सबसे कीमती फ्रेंचाइजी बनकर उभरी है। रिपोर्ट में KKR की वैल्यूएशन 19,200 करोड़ रुपये आंकी गई है। इस रैंकिंग में KKR ने वित्तीय तौर पर मुंबई इंडियंस (MI) और चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) को पीछे छोड़ दिया है। रिपोर्ट के अनुसार MI और CSK दोनों का मूल्यांकन 18,400 करोड़ रुपये बताया गया है।

रिपोर्ट में कहा गया है कि आईपीएल की सभी 10 फ्रेंचाइजी का कुल मूल्यांकन 1.63 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच चुका है। रिपोर्ट तैयार करने वाले एक्सपर्ट्स का मानना है कि आने वाले वर्षों में आईपीएल फ्रेंचाइजी की कीमतें और बढ़ सकती हैं, खासकर फ्रेंचाइजी में हिस्सेदारी को लेकर बाजार में बढ़ती सौदेबाजी और निवेश रुचि के बीच।
2032 तक बड़ा उछाल! औसत टीम वैल्यू 15 बिलियन डॉलर का अनुमान
रिपोर्ट का एक अहम अनुमान यह भी है कि आईपीएल टीम का औसत मूल्यांकन मौजूदा 1.8 बिलियन अमेरिकी डॉलर से बढ़कर 2032 तक 15 बिलियन अमेरिकी डॉलर तक जा सकता है। इसके बाद कई टीम ऑनर्स वित्तीय ताकत और कमर्शियल अपील के मामले में अमेरिका की नेशनल फुटबॉल लीग (NFL) की बड़ी टीमों के बराबर खड़े नजर आ सकते हैं।
विराट कोहली: IPL इकोसिस्टम का सबसे बड़ा इंडिविजुअल ब्रांड

जहां फ्रेंचाइजी वैल्यूएशन में KKR सबसे आगे है, वहीं विराट कोहली आईपीएल इकोसिस्टम में सबसे बड़े इंडिविजुअल ब्रांड बने हुए हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, आरसीबी के स्टार खिलाड़ी विराट कोहली ने 617 अंकों के साथ हुरुन इंडिया IPL एथलीट परफॉर्मेंस रैंकिंग में टॉप पोजीशन हासिल की है। यह उनके फैन-बेस और कंसिस्टेंसी को दर्शाता है।
कमाई के मामले में भी कोहली टॉप पर हैं। रिपोर्ट के अनुसार विराट कोहली आईपीएल के 18 सीज़न में 230.2 करोड़ रुपये की कमाई कर चुके है। जबकि, रोहित शर्मा 227.2 करोड़ रुपये के साथ दूसरे और एमएस धोनी 200.3 करोड़ रुपये की कमाई के साथ तीसरे स्थान पर है।

रिपोर्ट में यह भी बताया गया है कि 18 सीज़न में आईपीएल खिलाड़ियों की कुल कमाई 6,341 करोड़ रुपये के पार पहुंच चुकी है।
वैल्यूएशन मॉडल में क्या-क्या देखा गया?
हुरुन इंडिया के संस्थापक अनस रहमान जुनैद के मुताबिक वैल्यूएशन मॉडल में कई फैक्टर्स को शामिल किया गया है, जिनमें टीम का प्रदर्शन, फैन फॉलोइंग और ब्रांड स्ट्रेंथ, शहर की अर्थव्यवस्था और ग्लोबल क्रिकेट बिजनेस से जुड़े संकेत शामिल है।
WPL में स्मृति मंधाना टॉप, 4 सीज़न में टॉप-10 ने 90 करोड़+ कमाए

इस स्टडी में वुमेंस प्रीमियर लीग (WPL) के जरिए महिला क्रिकेट के तेज विकास पर भी फोकस किया गया है। रिपोर्ट के मुताबिक स्मृति मंधाना 13.7 करोड़ रुपये की कुल कमाई के साथ WPL में सबसे आगे हैं। वहीं टॉप-10 खिलाड़ियों ने सिर्फ 4 सीज़न में मिलकर 90 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई की है।
हॉकी इंडिया लीग: हरमनप्रीत सिंह सबसे अधिक वेतन पाने वाले खिलाड़ी

क्रिकेट के मुकाबले हॉकी में कमाई का अंतर ज्यादा स्पष्ट दिखता है। रिपोर्ट के अनुसार हॉकी इंडिया लीग में हरमनप्रीत सिंह (डिफेंडर) 78 लाख रुपये (सबसे अधिक), अभिषेक नैन (फॉरवर्ड) 72 लाख रुपये और हार्दिक सिंह (मिडफील्डर) 70 लाख रुपये कमाते है।
रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि हॉकी युवा प्रतिभाओं को सामने लाने में आगे है। इसमें 14 साल के केतन कुशवाहा और 15 साल के पूर्ति आशीष तानी व राहुल यादव जैसे नामों का उल्लेख किया गया है।
क्रिकेट से आगे बढ़ती भारतीय स्पोर्ट्स इकॉनमी
रिपोर्ट सिर्फ क्रिकेट तक सीमित नहीं रहती। इसमें भारत की विस्तृत खेल अर्थव्यवस्था के तेज विकास की ओर भी इशारा किया गया है। रिपोर्ट के मुताबिक देश में अब क्रिकेट, फुटबॉल, कबड्डी, हॉकी और वॉलीबॉल सहित छह प्रमुख प्रोफेशनल स्पोर्ट्स लीग संचालित हैं। इन लीगों में 59 फ्रेंचाइजी और 763 सक्रिय ब्रांड साझेदारियां शामिल हैं।
टियर-2 और टियर-3 शहर बने नए ग्रोथ सेंटर
अध्ययन के मुताबिक खेलों का क्रेज अब सिर्फ महानगरों तक सीमित नहीं है। टियर-2 और टियर-3 बाजार भी अब प्रशंसकों, प्रायोजन और लीग भागीदारी के लिए प्रमुख ग्रोथ सेंटर के तौर पर उभर रहे हैं।
इस रिपोर्ट के संकेत साफ हैं, आईपीएल फ्रेंचाइजी की वैल्यूएशन लगातार ऊपर जा रही है और KKR का नंबर-1 बनना उसी ट्रेंड का बड़ा संकेत है। साथ ही विराट कोहली का टॉप इंडिविजुअल ब्रांड बने रहना बताता है कि लीग का इकोसिस्टम टीमों के साथ-साथ स्टार पावर पर भी मजबूती से टिका है। दूसरी तरफ WPL, हॉकी और अन्य लीगों से जुड़े आंकड़े यह दिखाते हैं कि भारत की स्पोर्ट्स इकॉनमी अब तेजी से मल्टी-स्पोर्ट दिशा में बढ़ रही है।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

