Business Desk – IRCTC Website Upgrade : भारतीय रेलवे खानपान एवं पर्यटन निगम (IRCTC) अपनी वेबसाइट और टिकटिंग सिस्टम को बड़े स्तर पर अपग्रेड कर रहा है. इस अपग्रेड का उद्देश्य यात्रियों को तेज, आसान और बिना रुकावट टिकट बुकिंग अनुभव देना है. यह पूरा अपग्रेड 15 जुलाई तक पूरा होने की संभावना है.

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने छात्रों की शिकायतों के बाद इस प्रक्रिया को तेज करने के निर्देश दिए थे, जिसमें 30 दिनों के भीतर सुधार पूरा करने की बात कही गई थी. पहले यात्रियों को सर्वर स्लो होने, कैप्चा समस्या और तत्काल टिकट बुकिंग में कठिनाइयों जैसी दिक्कतों का सामना करना पड़ता था.

टिकट बुकिंग क्षमता में बड़ा बदलाव

IRCTC की नई अपग्रेडेड प्रणाली में सबसे बड़ा बदलाव टिकट बुकिंग क्षमता को लेकर किया जा रहा है. पहले जहां लगभग 32,000 टिकट प्रति मिनट बुक हो पाते थे, वहीं अब इस क्षमता को बढ़ाकर 1.5 लाख टिकट प्रति मिनट तक करने का लक्ष्य रखा गया है. इस बदलाव के बाद यात्रियों को भीड़भाड़ के समय भी सर्वर स्लो होने जैसी समस्याओं से राहत मिलने की उम्मीद है.

इंक्वारी सिस्टम भी होगा सुपरफास्ट

रेलवे की वेबसाइट पर केवल टिकट बुकिंग ही नहीं बल्कि ट्रेन से जुड़ी जानकारी और इंक्वारी सिस्टम को भी अपग्रेड किया जा रहा है. अभी जहां लगभग 4 लाख इंक्वारी प्रति मिनट संभव हैं, वहीं नए सिस्टम में यह क्षमता बढ़कर 40 लाख इंक्वारी प्रति मिनट तक पहुंच सकती है. इससे यात्रियों को ट्रेन की स्थिति, सीट उपलब्धता और अन्य जानकारी तेजी से मिल सकेगी.

तत्काल टिकट बुकिंग होगी आसान

IRCTC का सबसे चुनौतीपूर्ण हिस्सा तत्काल टिकट बुकिंग माना जाता है, जहां कुछ ही सेकंड में सीटें भर जाती हैं. अब सिस्टम अपग्रेड के बाद तेज प्रोसेसिंग और बेहतर सर्वर क्षमता के चलते तत्काल टिकट बुकिंग में भी यात्रियों को कम परेशानी का सामना करना पड़ेगा.

मोबाइल फ्रेंडली और मल्टी-लैंग्वेज वेबसाइट

नई IRCTC वेबसाइट को न केवल तेज बनाया जा रहा है, बल्कि इसे पूरी तरह मोबाइल फ्रेंडली भी किया जा रहा है. इसके अलावा यात्रियों को कई भाषाओं में जानकारी और इंक्वारी की सुविधा भी मिलने की संभावना है, जिससे यूजर एक्सपीरियंस और बेहतर होगा.

AI कैसे करेगा मदद?

IRCTC सिस्टम में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) को भी शामिल किया जा रहा है, जो यात्रियों को कई तरह की सुविधाएं देगा. AI सिस्टम पुराने डेटा और रिकॉर्ड के आधार पर यह अनुमान लगा सकेगा कि किसी टिकट के कन्फर्म होने की संभावना कितनी है. इससे यात्रियों को बुकिंग से पहले बेहतर निर्णय लेने में मदद मिलेगी.

यात्रियों के लिए बड़ा बदलाव

रेलवे अधिकारियों और विशेषज्ञों का मानना है कि यह अपग्रेडेशन यात्रियों के अनुभव को पूरी तरह बदल सकता है. पीक टाइम में होने वाली सर्वर समस्या, स्लो बुकिंग और कैप्चा जैसी दिक्कतों में काफी सुधार आने की उम्मीद है. इस बदलाव के बाद IRCTC को एक ज्यादा तेज, स्मार्ट और आधुनिक डिजिटल प्लेटफॉर्म के रूप में देखा जा रहा है.