नितिन नामदेव, रायपुर। रायपुर गोंदवारा ओवरब्रिज और अंडरब्रिज के बीच रेलवे ट्रैक पर अज्ञात व्यक्ति द्वारा लोहे का पाइप रखकर रेल आवागमन बाधित करने का मामला सामने आया है। घटना 18 अगस्त की शाम करीब 5.20 बजे रेलवे ट्रैक केएम नंबर 827/24 बी पर हुई।

यह भी पढ़ें : CG Morning News: CM साय श्रोत महोत्सव में होंगे शामिल… कांग्रेस नेता पंकज ने BJP प्रवक्ता श्रीवास को भेजा नोटिस… दृश्य संवाद 2026 का शुभारंभ आज… पढ़ें और भी खबरें

जानकारी के अनुसार, अज्ञात व्यक्ति ने रेलवे ट्रैक पर करीब 1.5 इंच मोटा और 7 फीट लंबा लोहे का पाइप रख दिया था। इसी दौरान वहां से मालगाड़ी गुजर रही थी। ट्रैक पर पाइप रखे होने से रेल आवागमन प्रभावित हुआ। घटना की जानकारी मिलने के बाद रेलवे अधिकारियों ने तत्काल आवश्यक कार्रवाई की।

घटना को गंभीरता से लेते हुए अज्ञात आरोपी के खिलाफ रेलवे अधिनियम की धारा 153, 174 (सी) और 147 के तहत मामला दर्ज किया गया है। जीआरपी पुलिस ने आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास शुरू कर दिए हैं। जीआरपी का कहना है कि रेलवे ट्रैक पर इस तरह की वस्तु रखना गंभीर अपराध है। इससे ट्रेन दुर्घटना होने और यात्रियों की जान को खतरा पैदा हो सकता है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

जानकारी जुटा रही गुढ़ियारी पुलिस

अज्ञात आरोपी की पतासाजी के लिए जीआरपी थाना रायपुर ने गुढ़ियारी थाना पुलिस से सहयोग मांगा है। घटना स्थल के आसपास संदिग्ध गतिविधियों और लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि रेलवे ट्रैक पर पाइप किसने रखा और इसके पीछे उसकी मंशा क्या थी।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m