Lifestyle Desk – गर्मियों का मौसम जहां बड़े लोगों को हलकान कर देता है, वहीं नवजात शिशुओं के लिए यह और भी चुनौतीपूर्ण हो सकता है. तेज गर्मी और उमस के कारण छोटे बच्चों की भी नींद प्रभावित होती है, जिससे उनका स्वास्थ्य भी प्रभावित हो सकता है. ऐसे में कई माता-पिता अपने शिशु को आराम देने के लिए एयर कंडीशनर (AC) का इस्तेमाल करते हैं. लेकिन अक्सर यह सवाल उठता है कि क्या नवजात को AC में सुलाना सुरक्षित है या नहीं.

तापमान का रखें ध्यान
सही तापमान और सावधानियों के साथ नवजात शिशु को AC में सुलाना पूरी तरह सुरक्षित हो सकता है. सबसे पहले यह समझना जरूरी है कि कमरे का तापमान न तो बहुत ठंडा हो और न ही बहुत गर्म. आमतौर पर 24 से 26 डिग्री सेल्सियस का तापमान शिशु के लिए उपयुक्त माना जाता है. इससे बच्चे को आरामदायक माहौल मिलता है और उसकी नींद बेहतर होती है.
सीधे हवा से बचायें
ध्यान देने वाली एक महत्वपूर्ण बात यह है कि AC की हवा सीधे बच्चे पर नहीं पड़नी चाहिए. सीधी ठंडी हवा से बच्चे को सर्दी, खांसी या त्वचा से जुड़ी समस्याएं हो सकती हैं. इसलिए AC का वेंट इस तरह सेट करें कि हवा कमरे में फैले, लेकिन सीधे शिशु तक न पहुंचे.
कमरे की नमी हो संतुलित
एक बात जो सबसे ज़्यादा जरूरी और ध्यान देने वाली है की कमरे में नमी का संतुलन बनाए टखने. AC चलने से हवा शुष्क हो जाती है, जिससे बच्चे की त्वचा और नाक में सूखापन आ सकता है. ऐसे में ह्यूमिडिफायर का उपयोग करना फायदेमंद हो सकता है या कमरे में पानी से भरा बर्तन रखकर भी नमी बनाए रखी जा सकती है.
बच्चे को सही कपड़े पहनायें
बच्चे को कपड़े पहनाने में भी सावधानी बरतनी चाहिए. हल्के और कॉटन के कपड़े पहनाएं, ताकि बच्चा आराम महसूस करे. बहुत ज्यादा कपड़े पहनाने से वह गर्म हो सकता है, जबकि बहुत कम कपड़े ठंड का कारण बन सकते हैं. संतुलन बनाए रखना यहां सबसे अहम है.
बीच- बीच में करते रहें चेक
माता-पिता को यह भी ध्यान रखना चाहिए कि शिशु को समय-समय पर चेक करते रहें. यदि बच्चा बहुत ठंडा महसूस हो रहा है या उसकी त्वचा ठंडी हो गई है, तो तुरंत तापमान समायोजित करें. इसी तरह, अगर बच्चा पसीना बहा रहा है, तो यह संकेत हो सकता है कि कमरे का तापमान ज्यादा है.
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए करें क्लिक

