चंडीगढ़: हरियाणा में विधानसभा चुनावों से पहले मतदाताओं के लिए अहम खबर है। भारत निर्वाचन आयोग के विशेष गहन पुनरीक्षण-2025-26 के तहत प्रदेश की प्रारंभिक मतदाता सूची (ड्राफ्ट इलेक्टोरल रोल) शुक्रवार, 31 जुलाई 2026 को प्रकाशित कर दी गई है। निर्वाचन विभाग ने सभी नागरिकों से अपील की है कि वे तुरंत मतदाता सूची में अपना नाम जांच लें और यह सुनिश्चित करें कि उनका नाम सही तरीके से दर्ज है।

यदि आपका नाम मतदाता सूची में शामिल है और सभी विवरण सही हैं, तो आपको किसी प्रकार की कार्रवाई करने की आवश्यकता नहीं है। लेकिन यदि आपका नाम सूची में नहीं है, तो आवश्यक दस्तावेजों और घोषणा पत्र के साथ फॉर्म-6 भरकर नया नाम जोड़ने के लिए आवेदन किया जा सकता है।

वहीं, यदि मतदाता सूची में नाम, पता, आयु या अन्य किसी जानकारी में त्रुटि है, तो फॉर्म-8 के माध्यम से उसका संशोधन कराया जा सकता है। निर्वाचन विभाग ने बताया कि दावा एवं आपत्ति दर्ज कराने की अंतिम तिथि 30 अगस्त 2026 निर्धारित की गई है।

मतदाता ऑनलाइन सेवाओं के लिए ECINET ऐप का उपयोग कर सकते हैं। इसके अलावा किसी भी प्रकार की सहायता या जानकारी के लिए निर्वाचन आयोग की हेल्पलाइन 1950 पर संपर्क किया जा सकता है। जरूरत पड़ने पर संबंधित जिला निर्वाचन अधिकारी (DEO) या निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी (ERO) के कार्यालय से भी संपर्क किया जा सकता है।

निर्वाचन विभाग ने प्रदेशवासियों से अपील की है कि वे मतदान के अधिकार का उपयोग सुनिश्चित करने के लिए समय रहते अपना नाम मतदाता सूची में जांचें और यदि कोई कमी या त्रुटि हो तो निर्धारित समय सीमा के भीतर उसे ठीक करा लें।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m