ईरान से जारी तनाव के बीच इजरायल ने बड़ा कूटनीतिक कदम उठाया है. इजरायल ने सोमालीलैंड में अपना पहला राजदूत नियुक्त किया है. सोमालिया के अलग हुए क्षेत्र सोमालीलैंड को आधिकारिक तौर पर मान्यता देने के कुछ महीनों बाद अब इजरायल ने यहां अपना राजदूत नियुक्त किया है. अल जजीरा की खबर के मुताबिक, इजरायल के सरकारी चैनल ने सोमालीलैंड में अपने राजदूत की नियुक्ति की जानकारी दी है. इस फैसले के बाद कतर, सऊदी अरब, मिस्र और तुर्की सहित 16 अरब और इस्लामिक देशों के विदेश मंत्रियों ने साझा बयान जारी कर इसकी कड़ी निंदा की है. इन देशों ने कहा है कि इजरायल का यह फैसला सोमालिया संघीय गणराज्य की संप्रभुता, एकता और क्षेत्रीय अखंडता का सीधा उल्लंघन है.
मुस्लिम देशों ने अपने बयान में क्या कहा ?
इस्लामिक देशों ने अपने बयान में कहा है कि अंतरराष्ट्रीय कानून और संयुक्त राष्ट्र चार्टर के सिद्धांतों के खिलाफ उठाया गया यह कदम एक खतरनाक मिसाल कायम कर सकता है. मंत्रियों ने दोहराया कि केवल सोमालिया के वैध राज्य संस्थान ही वहां की जनता की इच्छा का प्रतिनिधित्व करते हैं.
इस विरोध में कतर, कुवैत, सऊदी अरब, मिस्र, सोमालिया, सूडान, लीबिया, बांग्लादेश, अल्जीरिया, फिलिस्तीन, तुर्की, इंडोनेशिया, पाकिस्तान, मॉरिटानिया, जॉर्डन और ओमान के विदेश मंत्री शामिल रहे. उन्होंने किसी भी ऐसे एकतरफा कदम को खारिज कर दिया जो राज्यों की एकता को कमजोर करता है.
‘क्षेत्रीय स्थिरता पर खतरा…’
संयुक्त बयान में जोर दिया गया है कि इजरायल का यह फैसला अफ्रीकी संघ के संविधान अधिनियम का उल्लंघन करता है. देशों ने चेतावनी दी है कि इस तरह की कार्रवाइयों से हॉर्न ऑफ अफ्रीका क्षेत्र में अस्थिरता पैदा हो सकती है, जिससे क्षेत्रीय शांति और सुरक्षा पर नकारात्मक प्रभाव पड़ेगा. 16 देशों ने सोमालिया की एकता के प्रति अपने अटूट समर्थन को फिर से दोहराया है.
सोमालीलैंड को लेकर इजरायल के इस कदम ने राजनयिक गलियारों में कड़वाहट पैदा कर दी है. कतर के विदेश मंत्रालय द्वारा साझा किए गए आधिकारिक बयान के मुताबिक, सोमालीलैंड को ‘तथाकथित’ क्षेत्र बताते हुए इजरायली दूत की नियुक्ति को अवैध माना गया है. मुस्लिम देशों का तर्क है कि यह एकतरफा कार्रवाई सोमालिया के आंतरिक मामलों में हस्तक्षेप है और वैश्विक मंच पर इसे स्वीकार नहीं किया जाएगा.
सोमालिया ने भी जाहिर की नाराजगी
सोमालीलैंड में इजरायल के राजदूत की नियुक्ति पर सोमालिया ने नाराजगी जाहिर की है. इसके साथ ही इजरायल के इस कदम की निंदा की है. सोमालिया के विदेश मंत्रालय ने इसे देश की संप्रभुता और एकता का प्रत्यक्ष उल्लंघन बताया है. वहीं, सोमाली राष्ट्रपति ने इजरायल के कदम को सबसे गंभीर हमला करार दिया.
इजरायल ने माइकल लोटेम को नियुक्त किया राजदूत
इजरायल ने माइकल लोटेम (Michael Lotem) को सोमालीलैंड का राजदूत नियुक्त किया है. माइकल लोटेम पहले केन्या में इजरायल के राजदूत के रूप में कार्य कर चुके हैं. इजरायल ने माइकल लोटेम को सोमालीलैंड में गैर-आवासीय राजदूत बनाया है. दिसंबर 2025 में इजरायल द्वारा सोमालीलैंड को आधिकारिक मान्यता देने के बाद उठाया गया यह महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है. पिछली साल इजरायल दुनिया का पहला देश बना था, जिसने सोमालीलैंड को स्वतंत्र राज्य के रूप में मान्यता दी थी. इजरायल के इस कदम से इस क्षेत्र के 30 वर्ष से अधिक पुराने राजनयिक अलगाव का अंत हो गया है.
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए करें क्लिक

