इंद्रपाल सिंह, इटारसी। छत्तीसगढ़ के रायपुर निवासी और वर्तमान में इंदौर के बेटमा में रह रहे एक परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। खाना खाने के बाद एक ही परिवार की तीन मासूम सगी बहनों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। दो बेटियों की जान इंदौर में इलाज के दौरान चली गई, जबकि तीसरी बच्ची ने इंदौर से शव लेकर रायपुर लौटते वक्त रास्ते में इटारसी के अस्पताल में दम तोड़ दिया। इस घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

रास्ते में बिगड़ी तीसरी बेटी की सांसें, इटारसी अस्पताल में तोड़ा दम

जानकारी के अनुसार, बेटमा में परिवार के खाना खाने के बाद 8 वर्षीय विशुका और 6 वर्षीय विधि की तबीयत बिगड़ गई थी। इंदौर के अस्पताल में इलाज के दौरान दोनों की मौत हो गई। दुखी परिजन दोनों बेटियों के शवों को एम्बुलेंस से अपने गृहग्राम रायपुर ले जा रहे थे, तभी इटारसी के पास तीसरी बेटी 10 वर्षीय आशी की तबीयत भी अचानक बिगड़ने लगी। परिजन उसे तुरंत इटारसी के डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों की कोशिशों के बावजूद करीब एक घंटे में आशी ने भी दम तोड़ दिया।

फूड पॉइजनिंग की आशंका, ‘शून्य’ पर दर्ज हुआ मर्ग

शुरुआती जांच में उल्टी-दस्त और फूड पॉइजनिंग की आशंका जताई जा रही है। इटारसी थाना प्रभारी सौरभ पांडे ने बताया कि चूंकि घटना की शुरुआत इंदौर के बेटमा थाना क्षेत्र से हुई है, इसलिए इटारसी पुलिस ने ‘शून्य पर मर्ग’ कायम कर प्राथमिक जांच शुरू कर दी है। केस डायरी संबंधित बेटमा थाने भेजी जाएगी।

बिसरा जांच से खुलेगा मौत का राज

पुलिस ने तीनों मृत बच्चियों आशी, विशुका और विधि के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और बिसरा जांच की रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो सकेगी।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m