इन्द्रपाल सिंह, इटारसी। डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी सिविल अस्पताल में डॉक्टरों की टीम ने एक बेहद जटिल और दुर्लभ ऑपरेशन को अंजाम दिया है। डॉक्टरों ने एक महिला के कूल्हे से लगभग 4 किलो वजनी गांठ निकालकर उसे असहनीय दर्द से मुक्ति दिलाई है। सरकारी अस्पताल के इतिहास में इतनी बड़ी सर्जरी पहली बार होने का दावा किया जा रहा है।

8 महीने से दर्द से तड़प रही थी महिला, कहीं नहीं मिला आराम

जानकारी के अनुसार सोहागपुर की रहने वाली सुषमा उइके पिछले करीब 6 से 8 महीनों से अपने कूल्हे में तेज दर्द और गंभीर परेशानी से जूझ रही थीं। इस बीमारी के इलाज के लिए महिला और उसके परिजन कई अस्पतालों के चक्कर काटते रहे और दर-दर भटके लेकिन उन्हें कहीं भी राहत नहीं मिली।

थक-हारकर जब परिजन महिला को लेकर इटारसी के सिविल अस्पताल पहुंचे तो डॉक्टरों ने गहन जांच के बाद कूल्हे के पास एक बेहद बड़ी और भारी गांठ होने की पुष्टि की। शुरुआत में डॉक्टरों ने दवाइयों के जरिए इसका इलाज करने की कोशिश की, लेकिन जब कोई सुधार नहीं हुआ तो डॉक्टरों की टीम ने सर्जरी करने का चुनौतीपूर्ण फैसला लिया।

2 घंटे चला जटिल ऑपरेशन, अब हालत सामान्य

सिविल अस्पताल के विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम ने इस बेहद जटिल ऑपरेशन को हाथ में लिया। करीब 2 घंटे तक चले इस मैराथन ऑपरेशन के बाद डॉक्टरों ने सफलतापूर्वक महिला के कूल्हे से करीब 4 किलो वजनी गांठ को शरीर से अलग कर दिया।

ऑपरेशन के बाद डॉक्टरों ने बताया कि महिला की हालत अब पूरी तरह सामान्य और स्थिर है। फिलहाल उन्हें डॉक्टरों की कड़ी निगरानी में रखा गया है और आगे का इलाज जारी है। इस सफल ऑपरेशन के बाद पीड़ित महिला और उसके पूरे परिवार ने राहत की सांस ली है और डॉक्टरों की टीम का आभार व्यक्त किया है। सरकारी अस्पताल में मिली इस बड़ी कामयाबी को स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में एक बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m