काजल, हिसार। राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) बरवाला में सोमवार को छात्र संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की और विद्यार्थियों से शिक्षा, कौशल विकास, रोजगार तथा भविष्य की संभावनाओं को लेकर संवाद किया। इस दौरान विद्यार्थियों ने भी अपने अनुभव, सुझाव और भविष्य से जुड़ी अपेक्षाएं मंत्री के सामने रखीं। कार्यक्रम के दौरान आईटीआई परिसर में पौधारोपण भी किया गया।

आधुनिक शिक्षा और कौशल विकास पर सरकार का जोर

छात्रों के सवालों का जवाब देते हुए कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा ने कहा कि राज्य सरकार ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को उनके घर के नजदीक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने की दिशा में काम कर रही है। उन्होंने बताया कि ग्रामीण क्षेत्र में करीब 20 किलोमीटर के दायरे में राजकीय कॉलेजों की सुविधा विकसित करने पर जोर दिया गया है। शिक्षण संस्थानों में रोजगार मेलों के आयोजन के लिए भी सरकार की ओर से आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

उन्होंने कहा कि युवाओं को स्वरोजगार और उद्यमिता से जोड़ने के लिए उद्योग एवं नए स्टार्टअप को बढ़ावा दिया जा रहा है। इसके तहत बिना गारंटी ऋण जैसी योजनाओं का लाभ युवाओं को उपलब्ध कराया जा रहा है।

पेपर लीक पर सख्त कार्रवाई का दावा

पेपर लीक से जुड़े सवाल पर मंत्री ने कहा कि परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए केंद्र सरकार ने पेपर लीक और उससे जुड़े मामलों में सख्त प्रावधान किए हैं। उन्होंने बताया कि ऐसे मामलों में दोषियों पर भारी जुर्माने के साथ 10 वर्ष तक के कारावास का प्रावधान किया गया है।

डिग्री के साथ हुनर भी जरूरी

रणबीर गंगवा ने विद्यार्थियों से कहा कि आज के बदलते दौर में केवल डिग्री हासिल करना पर्याप्त नहीं है। युवाओं के पास तकनीकी ज्ञान के साथ व्यावसायिक और आधुनिक कौशल होना भी जरूरी है। उन्होंने कहा कि आईटीआई जैसे संस्थान युवाओं को हुनरमंद बनाकर रोजगार और स्वरोजगार के लिए तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

उन्होंने बताया कि आईटीआई पास विद्यार्थियों के लिए अप्रेंटिसशिप जैसी योजनाएं संचालित की जा रही हैं। इसके तहत पात्र प्रशिक्षुओं को प्रतिमाह 9,600 रुपये तक की राशि दिए जाने का प्रावधान है।

युवाओं को रोजगार देने वाला बनाने पर फोकस

कैबिनेट मंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य युवाओं को केवल नौकरी तलाशने वाला नहीं, बल्कि रोजगार देने वाला बनाना भी है। इसके लिए कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा, स्वरोजगार और उद्यमिता को बढ़ावा दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आईटीआई में प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले युवाओं के कौशल को उद्योगों की जरूरत के अनुरूप विकसित करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है, ताकि प्रशिक्षण पूरा करने के बाद उन्हें रोजगार के बेहतर अवसर मिल सकें।

मंत्री ने बताया कि हिसार एयरपोर्ट के पास इंटीग्रेटेड मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर (आईएमसी) का निर्माण किया जा रहा है। इससे आईटीआई पास युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। साथ ही इच्छुक युवा अपना उद्योग स्थापित कर क्षेत्र के औद्योगिक विकास में भी योगदान दे सकेंगे।

युवाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण

रणबीर गंगवा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में युवाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। इसी दिशा में हरियाणा सरकार शिक्षा, तकनीकी प्रशिक्षण, रोजगार और कौशल विकास के क्षेत्र में लगातार नए प्रयास कर रही है।

कार्यक्रम के दौरान चेयरमैन प्रवीन सैनी, पूर्व चेयरमैन सतबीर वर्मा, रणधीर सिंह धीरू, एसडीएम अश्वीर नैन, आईटीआई प्रिंसिपल सुमित सचदेवा सहित जयपाल, राजेश, सुखविंद्र, पूनम, मनीष, विनोद, मुकेश, सुरेश, संदीप, देव तथा आईटीआई का स्टाफ और प्रशिक्षु मौजूद रहे।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m