कुमार इंदर, जबलपुर। मध्य प्रदेश के जबलपुर के बरगी डैम में हुए दर्दनाक क्रूज हादसे को लेकर एक और चौंकाने वाला वीडियो सामने आया है। इस वीडियो में हादसे के दौरान के भयावह मंजर साफ दिखाई दे रहे हैं, जहां पर्यटक पानी में तैरते हुए अपनी जान बचाने की जद्दोजहद करते नजर आ रहे हैं।
तेज हवाओं और ऊंची लहरों के बीच क्रूज पलटने के बाद हालात बेहद डरावने हो गए थे। वीडियो में देखा जा सकता है कि क्रूज में सवार सैलानी जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहे हैं। इसी दौरान राहत की बात ये रही कि एक मिनी क्रूज मौके पर पहुंचा, जिसने बचाव अभियान में अहम भूमिका निभाई।
बता दें कि 30 अप्रैल को बरगी डैम में पर्यटकों से भरा क्रूज अचानक पलट गया था। इस हादसे में 13 लोगों की जान चली गई, जबकि 28 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया था। फिलहाल सामने आया यह वीडियो हादसे की गंभीरता और उस वक्त के खौफनाक हालात को बयां कर रहा है। प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुटा है, ताकि हादसे के कारणों का पता लगाया जा सके।
कैसे हुआ था हादसा?
दरअसल, जबलपुर के बरगी डैम में 30 अप्रैल का दिन कई परिवारों के लिए काल बनकर आया। जहां हर दिन की तरह गुरुवार की शाम सैलानी क्रूज का आनंद ले रहे थे। इस बीच अचानक तेज हवा और आंधी चलने लगी, जिससे क्रूज डगमगाने लगा और देखते ही देखते पानी में डूबने लगा। हादसे के बाद चीख पुकार मच गई। इसके पहले संभल पाते कि क्रूज सवार 30 से ज्यादा लोग एक-एक कर डूबने लगे।
स्थानीय लोगों ने की बचाने की कोशिश
डैम में लोगों को डूबता देख वहां मौजूद लोगों ने बचाने की कोशिश की। वहीं घटना की सूचना मिलते ही एनडीईआरएफ, एसडीईआरएफ, आर्मी, गोताखोर और प्रशासनिक टीम ने मोर्चा संभाला। कुछ सैलानी खुद तैरकर अपनी जान बचाने में कामयाब हुए तो वहीं कुछ लोगों को गोताखोर और प्रशासन की टीम ने सुरक्षित रेस्क्यू किया। इसमें 13 लोगों के शव बरामद हुए है, जिनमें 7 महिलाएं और 4 बच्चे भी हैं।

