इंदर कुमार, जबलपुर। दीपावली के पावन पर्व की पूर्व संध्या पर संस्कारधानी जबलपुर में मां नर्मदा का पावन तट गौरीघाट लाखों दीपों की रोशनी से जगमगा उठा। मध्य प्रदेश के पीडब्ल्यूडी मंत्री राकेश सिंह के संयोजन में आयोजित इस भव्य दीपोत्सव में 51 हजार दीप जलाए गए, जिनकी अलौकिक छटा देखने लायक थी। साधु-संतों की उपस्थिति और हजारों नागरिकों की मौजूदगी में नर्मदा पूजन के साथ भव्य महाआरती संपन्न हुई, जिसमें प्रदेश के विकास, नागरिकों की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की गई।

पिछले 5 वर्षों से परंपरा बना दीपोत्सव, लेजर शो और आतिशबाजी रही आकर्षण का केंद्र

नर्मदा तट गौरीघाट पर पिछले 5 सालों से दीपावली की पूर्व संध्या पर यह दीपोत्सव लगातार आयोजित किया जा रहा है। इस वर्ष का आयोजन और भी अधिक भव्य रहा। कार्यक्रम में की गई आकर्षक आतिशबाजी और मनमोहक लेजर शो ने उपस्थित हजारों नागरिकों का मन मोह लिया। जबलपुर और आसपास के इलाकों से पहुंचे हजारों लोगों ने इस ऐतिहासिक और सांस्कृतिक आयोजन के साक्षी बनकर दीपावली की खुशियां साझा कीं।

‘जल्द शुरू होगा सरयू की तर्ज पर नर्मदा पथ का काम’: मंत्री राकेश सिंह

इस अवसर पर मंत्री राकेश सिंह ने मां नर्मदा का पूजन कर प्रदेशवासियों की तरक्की और आरोग्यता की कामना की। इस दौरान उन्होंने एक बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि अयोध्या की सरयू नदी की तर्ज पर बहुत जल्द नर्मदा किनारे ‘नर्मदा पथ’ का निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा। उन्होंने जानकारी दी कि आगामी 2 से 3 महीनों के भीतर इसका टेंडर जारी कर दी जाएगी। मंत्री सिंह ने विश्वास जताया कि भविष्य में नर्मदा के किनारे विकसित होने वाले इन तटों और आधुनिक स्वरूप को देखने के लिए देश-विदेश से पर्यटक जबलपुर पहुंचेंगे।

भव्य दीपोत्सव, महाआरती और सांस्कृतिक उल्लास के बीच संपूर्ण गौरीघाट क्षेत्र पूरी तरह से भक्तिमय और आध्यात्मिक रंग में रंगा नजर आया।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m