कुमार इंदर, जबलपुर। जबलपुर के सिहोरा ब्लॉक के आजाद चौक में देर रात बवाल मच गया। आजाद चौक में उस समय तनाव की स्थिति बन गई, जब दुर्गा मंदिर में एक युवक के साथ मारपीट कर मंदिर में लगी ग्रिल को नुकसान पहुंचाया गया। इस घटना के बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया और देखते ही देखते जमकर पथराव शुरू हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही सिहोरा थाना पुलिस समेत आसपास के थानों का अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। पुलिस ने तत्काल स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी। घटना के बाद से आजाद चौक क्षेत्र में तनाव बना हुआ है और पुलिस लगातार निगरानी कर रही है।
ये भी पढ़ें: राम वन गमन पथ: रायपुर के चंद्रखुरी में लगेगी 51 फीट वनवासी राम प्रतिमा, ग्वालियर से किया गया रवाना
गौरतलब है कि आजाद चौक क्षेत्र को पहले से ही अतिसंवेदनशील इलाका माना जाता रहा है। यहां दुर्गा मंदिर और मस्जिद आमने-सामने स्थित हैं, जिसके कारण पूर्व में भी विवाद की स्थिति बनती रही है। स्थानीय लोगों के अनुसार घटना के समय मंदिर में आरती और मस्जिद में नमाज लगभग एक ही समय पर हो रही थी।
ये भी पढ़ें: इंदौर में 12 से 15 मार्च 2026 तक सनातन प्रीमियर लीग: देवकीनंदन ठाकुर बोले- खेल और सेवा का महाकुंभ है सनातन प्रीमियर लीग
इसी दौरान किसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ, जो युवक के साथ मारपीट और मंदिर की ग्रिल तोड़ने के बाद पथराव में बदल गया। पत्थरबाजी करते हुए लोगों का वीडियो भी सामने आया है। विशेष समुदाय के लोग मस्जिद के ऊपर से भी पत्थरबाजी करते नजर आ रहे हैं। पुलिस ने कई पत्थरबाजों को हिरासत में लिया है। संदेहियों और आरोपियों से सिहोरा थाने में पूछताछ की जा रही है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और क्षेत्र में शांति बनाए रखने के लिए अतिरिक्त बल तैनात किया गया है। वहीं प्रशासन ने लोगों से शांति और संयम बनाए रखने की अपील की है।

