कुमार इंदर, जबलपुर। मध्य प्रदेश के जबलपुर के नगर निगम में एक बार फिर भ्रष्टाचार का बड़ा जिन्न बाहर निकलकर आया है। नगर निगम द्वारा कचरा कलेक्शन वाहनों और सड़कों की मरम्मत के लिए खरीदी गई पेच वर्क मशीनों में करोड़ों रुपये के घोटाले और भारी वित्तीय गड़बड़ी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। नगर निगम के नेता प्रतिपक्ष अमरीश मिश्रा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर आधिकारिक दस्तावेजों के साथ महापौर और निगम प्रशासन पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाते हुए घेराबंदी की है।

नेताप्रतिपक्ष अमरीश मिश्रा के अनुसार, नगर निगम द्वारा करीब एक साल पहले दो पेच रिपेयरिंग मशीनें खरीदी गई थीं। संबंधित कंपनी के आधिकारिक कोटेशन के अनुसार एक मशीन की वास्तविक कीमत 54 लाख 80 हजार रुपये थी। लेकिन निगम प्रशासन ने दोगुनी कीमत यानी 1 करोड़ 10 लाख रुपये प्रति मशीन की दर से खरीदी की। इस तरह मात्र दो मशीनों की खरीद में ही कुल 1 करोड़ 10 लाख 40 हजार रुपये का सीधा-सीधा अतिरिक्त भुगतान कर जनता की कमाई पर डाका डाला गया।

6.67 लाख की टाटा कचरा गाड़ी 11.20 लाख में खरीदी 

इतना ही नहीं, नगर निगम द्वारा शहर में कचरा उठाने के लिए खरीदी गई 40 टाटा सीएनजी गाड़ियों (Model: Tata V-20 / Intra V20) की खरीद में भी भारी अनियमितता का पर्दाफाश हुआ है। निगम ने 11 लाख 20 हजार रुपये प्रति वाहन की दर से कुल ₹4.48 करोड़ में इन गाड़ियों को खरीदा। जबकि शोरूम और कंपनी के आधिकारिक कोटेशन के अनुसार एक गाड़ी की वास्तविक कीमत महज 6 लाख 67 हजार रुपये है। इस हिसाब से प्रत्येक वाहन पर लगभग 3.60 लाख रुपये से अधिक का सरचार्ज/अतिरिक्त भुगतान किया गया। कुल 40 गाड़ियों की इस डील में करीब 1 करोड़ 44 लाख 36,880 रुपये का भारी-भरकम गोलमाल किया गया है।

कांग्रेस पार्षद दल और नेता प्रतिपक्ष ने आरोप लगाया कि अपने चहेतों को अनुचित लाभ पहुँचाने के लिए पूरी टेंडर प्रक्रिया में बड़े पैमाने पर धांधली की गई। कांग्रेस पार्षद दल ने इस पूरे मामले की उच्चस्तरीय और निष्पक्ष जांच कराने के साथ-साथ दोषी अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m