कुमार इंदर, जबलपुर। मध्य प्रदेश की संस्कारधानी जबलपुर में एक नवविवाहिता महिला अधिवक्ता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत ने कानून और समाज दोनों को झकझोर कर रख दिया है। मृतिका के पिता का आरोप है कि उनकी बेटी कविता की हत्या की गई है। इंसाफ की गुहार लेकर पीड़ित पिता अब जिला न्यायालय पहुंचे हैं, जिसके बाद कोर्ट ने पुलिस और ससुराल पक्ष को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है।
यह पूरा मामला पिछले साल 10 जून 2025 का है। चेन्नई की रहने वाली कविता की शादी 2 मार्च 2025 को आर्मी डॉक्टर मेजर ओम नागार्जुन से हुई थी। शादी के महज 3 महीने बाद जबलपुर के आर्मी क्वार्टर के बाथरूम में कविता बेहोशी की हालत में मिली थी। हैरान करने वाली बात यह है कि घर से अस्पताल की दूरी 5 मिनट की थी, लेकिन कविता को अस्पताल पहुंचने में 3 घंटे लगा दिए गए। ससुराल वालों ने दावा किया कि मौत दिल का दौरा (हार्ट अटैक) पड़ने से हुई, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट कुछ और ही बयां कर रही है।
3 करोड़ की भव्य शादी, दहेज में दिया 100 तोला सोना
कविता के सिर पर चोट के निशान थे और सिर के अंदर ब्लड क्लॉट (खून का थक्का) जमा हुआ था। परिजनों का आरोप है कि प्रभाव का इस्तेमाल कर पोस्टमार्टम रिपोर्ट को भी मैनिपुलेट करने की कोशिश की गई। यह कोई साधारण मौत नहीं, बल्कि लालच की वो कहानी है जिसका अंत बेहद खौफनाक रहा। मृतिका के परिवार ने अपनी बेटी की खुशियों के लिए 3 करोड़ रुपये की भव्य शादी की थी। शादी में 100 तोला सोना और 25 लाख रुपये का नेकलेस दिया गया।

आखिरी डिमांड पूरी करने से किया मना, फिर मिली मौत की खबर!
टक्सन गाड़ी की डिमांड थी, जिसे पूरा न कर पाने पर परिवार ने XUV 700 गाड़ी दी। इसका बकायदा वॉट्सऐप चैट सबूत के तौर पर मौजूद है। दहेज की डिमांड यहीं खत्म नहीं हुई। लड़के ने शादी के बाद मई 2025 में अस्पताल खोलने के नाम पर 50 लाख रुपये और मांगे गए। इसके बाद डिमांड बढ़कर 2 करोड़ रुपये हो गई। पिता का आरोप है कि जैसे ही उन्होंने 2 करोड़ रुपये की यह आखिरी डिमांड पूरी करने से मना किया, उनकी बेटी कविता की संदिग्ध परिस्थितियों में जान ले ली गई।
न्याय के लिए चक्कर काट रहा परिवार
बेटी को खोने के बाद पीड़ित पिता न्याय के लिए गोराबाजार थाने के चक्कर काटते रहे, लेकिन रसूख के आगे पुलिस ने अब तक FIR दर्ज नहीं की। थक-हारकर मृतका के पिता जबलपुर जिला न्यायालय पहुंचे और याचिका दायर की। कोर्ट ने मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और ससुराल पक्ष को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है।
ओम नागार्जुन की इसके पहले भी हो चुकी थी सगाई
ओम नागार्जुन की 2024 में चेन्नई केए एक करनल की लड़की से सगाई हो चुकी थी, लड़के ने लड़की से 5 करोड़ की डिमांड की थी, लेकिन लकड़ी वालों की तरफ 5 करोड़ डिमांड पूरी न करने पर ओम नागार्जुन की तरफ से सगाई तोड़ दी गई।
ऐसे में सवाल उठ रहा है कि देश की रक्षा करने वाली वर्दी के पीछे छुपा एक डॉक्टर आखिर इतना बड़ा लालची कैसे हो सकता है ? क्या पुलिस सेना के रसूख के आगे झुकी रही ? कोर्ट के दखल के बाद अब उम्मीद जगी है कि मृतिका कविता और उसके बेबस पिता को इंसाफ मिलेगा।


