कुमार इंदर, जबलपुर।  मध्य प्रदेश के जबलपुर से साइबर ठगी का एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां अधारताल थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में रहने वाली एक महिला को महज 4 रुपये के रिफंड के चक्कर में 98 हजार रुपये की चपत लग गई है। ठगों ने गूगल से निकाली गई ई-कॉमर्स कंपनी की फर्जी हेल्पलाइन नंबर के जरिए इस पूरी वारदात को अंजाम दिया।

क्या है पूरा मामला?

मिली जानकारी के अनुसार, पीड़िता सविता ने कुछ समय पहले ऑनलाइन एक बैग मंगाया था। सामान की डिलीवरी के दौरान डिलीवरी ब्वॉय ने तय राशि से 3 से 4 रुपये ज्यादा ले लिए थे। इसी छोटे से रिफंड या शिकायत के लिए महिला ने गूगल पर संबंधित ई-कॉमर्स कंपनी का कस्टमर केयर या हेल्पलाइन नंबर सर्च किया। महिला ने जैसे ही उस नंबर पर संपर्क किया, सामने बैठे शातिर ठगों ने उन्हें बातों में उलझा लिया।

मोबाइल हैक कर उड़ाए 98 हजार रुपये

ठगों ने महिला को रिफंड भेजने का झांसा दिया और किसी बहाने से उसका मोबाइल हैक कर लिया। इसके बाद ठगों ने पलक झपकते ही महिला के बैंक खाते से 98 हजार रुपये अलग-अलग ट्रांजैक्शन के जरिए ट्रांसफर कर लिए। खाते से अचानक भारी रकम कटने का मैसेज आने पर महिला के होश उड़ गए और उसे साइबर ठगी का अहसास हुआ।

जांच में जुटी पुलिस 

घटना की शिकायत मिलने के बाद अधारताल थाना पुलिस ने तुरंत मामला कायम कर लिया है। पुलिस साइबर सेल की मदद से उस फर्जी हेल्पलाइन नंबर और उन बैंक खातों की डिटेल खंगालने में जुट गई है, जिसमें ठगी की रकम ट्रांसफर की गई है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि इंटरनेट पर किसी भी अनजान या अनवेरिफाइड कस्टमर केयर नंबर पर भरोसा न करें और ऑनलाइन ट्रांजैक्शन के दौरान पूरी सावधानी बरतें।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m