इंदर कुमार, जबलपुर। मध्य प्रदेश के जबलपुर स्थित रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय में प्रदर्शन के दौरान हंगामा और बवाल होने की खबर सामने आई है। विश्वविद्यालय परिसर में ज्ञापन देने पहुंचे छात्र संगठन के कार्यकर्ताओं और विश्वविद्यालय कर्मचारियों के बीच तीखी बहस के बाद झूमाझटकी और मारपीट हो गई। इस दौरान विवाद का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है, जिसमें विश्वविद्यालय का एक कर्मचारी छात्र नेताओं को लात मारते और गाली-गलौज करते नजर आ रहा है।
रिजल्ट और परीक्षाओं में देरी को लेकर ज्ञापन देने पहुंचा था संगठन
जानकारी के अनुसार एमपी स्टूडेंट यूनियन के कार्यकर्ता विश्वविद्यालय में छात्रों के रिजल्ट में हो रही लगातार देरी और परीक्षाओं के टलने की समस्याओं को लेकर कुलपति को ज्ञापन सौंपने पहुंचे थे।
ज्ञापन देने के दौरान विश्वविद्यालय कर्मचारियों और छात्र नेताओं के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के बीच तीखी झूमाझटकी शुरू हो गई।
लात मारते और गाली देते दिखा कर्मचारी
घटनास्थल पर मौजूद लोगों द्वारा बनाए गए वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि विश्वविद्यालय का एक कर्मचारी आपा खोते हुए छात्र नेताओं पर लात चला रहा है और सरेआम गाली-गलौज कर रहा है।
यूनियन अध्यक्ष ने लगाए ज्यादती के आरोप
मामले पर एमपी स्टूडेंट यूनियन के अध्यक्ष अभिषेक पांडे ने विश्वविद्यालय प्रशासन और कर्मचारियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि छात्र संगठन केवल छात्रों के भविष्य और हित की बात करने कुलपति के पास गया था, लेकिन विश्वविद्यालय के कर्मचारियों ने गुंडागर्दी दिखाते हुए उनके साथ मारपीट और अभद्रता की। छात्र संगठन ने आरोपी कर्मचारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


