इंदर कुमार, जबलपुर। रांझी थाना क्षेत्र के गोकलपुर आजाद नगर में एक मंदिर के भंडारे के दौरान तेज रफ्तार बाइक चलाने को लेकर हुए विवाद ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। बाइक सवार युवकों ने साथियों के साथ मिलकर धार्मिक आयोजन के बीच लाठी-डंडों और चाकुओं से हमला कर दिया, जिसमें महिलाओं सहित 8 से 10 लोग घायल हो गए।
घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार, भंडारे के दौरान तेज रफ्तार बाइक चलाने से रोकने पर एक युवक भड़क गया था। इसके बाद वह अपने साथियों के साथ वापस लौटा और वहां मौजूद लोगों पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इस दौरान बीच-बचाव करने आए लोग भी हमलावरों का शिकार बन गए। चाकू के वार से दो लोगों के पैरों में गंभीर चोटें आई हैं, जिन्हें तुरंत इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने मुख्य आरोपी समीर वंशकार और उसके साथियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और फरार आरोपियों की तलाश में जुट गई है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

