कुमार इंदर, जबलपुर। मध्य प्रदेश के जबलपुर में लोडिंग ट्रक ने सड़क पार कर रहे स्कूली छात्र को रौंद दिया। जिससे छात्र की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे की यह तस्वीर सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। घटना के बाद स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। आए दिन होने वाले सड़क हादसों को लेकर नाराजगी जताई। वहीं पुलिस ने समझाइश देकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। फिलहाल मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
यह पूरा मामला गोहलपुर थाना क्षेत्र का है। मिली जानकारी के मुताबिक, स्कूल की छुट्टी होने के बाद छात्र असीम रजा (12) अपने घर मंसूराबाद की ओर जा रहा था। वह साइकिल से सड़क पार कर रहा था। इसी दौरान गोहलपुर इलाके में रोड पर जा रहे एक लोडिंग ट्रक ने उसे कुचल दिया। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। यह घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो भी सामने आया है। जिसमें साइकिल के साथ सड़क क्रॉस कर रहे छात्र को लोडिंग ट्रक रौंदता हुआ नज़र आ रहा है।
ये भी पढ़ें: कांवड़ यात्रा में घुसी अनियंत्रित स्कॉर्पियो! कार ने श्रद्धालुओं को रौंदा, 13 कांवड़िये घायल; 4 की हालत नाजुक
मृतक छात्र गोहलपुर क्षेत्र के ही एक निजी स्कूल में पढ़ाई करता था। स्कूल की छुट्टी होने के बाद अपने अन्य साथियों के साथ घर जाते समय हादसे का शिकार हो गया। बताया जा रहा है कि गोहलपुर चौराहे से लेकर रद्दी चौकी मुख्य मार्ग तक ट्रैफिक का भारी दबाव होने के चलते आए दिन सड़क हादसे होते हैं। वहीं हादसे के बाद स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट गया। आए दिन होने वाले सड़क हादसों को लेकर क्षेत्रीय लोगों ने नाराज़गी जताई। सूचना मिलते ही गोहलपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों को समझाइश देकर शव को पोस्टमार्टम के लिए रवाना किया।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


