कुमार इंदर, जबलपुर। मध्य प्रदेश के जबलपुर में जिला जनपद पंचायत ने कुपोषण को जड़ से खत्म करने के लिए एक बेहद सराहनीय और अनूठी पहल की शुरुआत की है। ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत शुरू की गई ‘वात्सल्य योजना’ के माध्यम से जिले को पूरी तरह कुपोषण मुक्त बनाने का संकल्प लिया गया है।

 बांटी गई विशेष ‘दलिया किट’ 

अभियान की इसी कड़ी में जबलपुर की शालीमार ग्राम पंचायत में एक भव्य और गरिमामयी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जन-सहयोग से संचालित इस अभियान के तहत क्षेत्र के अति कुपोषित बच्चों के स्वास्थ्य सुधार के लिए विशेष ‘दलिया किट’ का वितरण किया गया। इस किट में बच्चों के सर्वांगीण शारीरिक विकास के लिए आवश्यक सभी प्रकार के जरूरी पोषक तत्व शामिल हैं।

मामले में जिला पंचायत सीईओ ने जानकारी देते हुए बताया कि कुपोषण के खिलाफ यह नवाचार फिलहाल जबलपुर जिला जनपद स्तर पर शुरू किया गया है। आने वाले दिनों में इस योजना का विस्तार करते हुए इसे जिले के सभी ब्लॉकों और प्रत्येक ग्राम पंचायत स्तर तक ले जाने की पूरी तैयारी कर ली गई है, ताकि कोई भी मासूम कुपोषण का शिकार न रहे।

एक ही प्रांगण में 24 विभागों के स्टॉल 

कुपोषण मिटाने के साथ-साथ इस आयोजन में शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाने का भी ऐतिहासिक प्रयास देखने को मिला। कार्यक्रम स्थल पर करीब 23 से 24 अलग-अलग शासकीय विभागों के स्टॉल लगाए गए, ताकि जो भी पात्र हितग्राही अब तक योजनाओं से वंचित थे, उन्हें तुरंत लाभान्वित किया जा सके।

  • पीएम आवास योजना के तहत पात्र हितग्राहियों को स्वीकृति व लाभ प्रदान किया गया।
  • मौके पर ही जाति प्रमाण पत्र और खसरा प्रति का वितरण किया गया।
  • मुख्यमंत्री स्कूटी योजना के तहत मेधावी छात्राओं को स्कूटी का लाभ मिला।
  • लाडली लक्ष्मी योजना के अंतर्गत स्वीकृतियां और प्रमाण पत्र सौंपे गए।

प्रशासनिक अधिकारी और जनप्रतिनिधि रहे मौजूद 

इस विशेष कार्यक्रम में पनागर विधानसभा क्षेत्र के विधायक इंदू तिवारी, जिला जनपद पंचायत सीईओ, जनपद पंचायत अधिकारी विनोद पांडे सहित तमाम प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि और भारी संख्या में स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहें।