कुमार इंदर, जबलपुर। संस्कारधानी जबलपुर में इन दिनों बदमाशों के हौसले बुलंद हैं और पूरा शहर बमबाजी की सिलसिलेवार वारदातों से दहल उठा है। पिछले दो दिनों के भीतर शहर के अलग-अलग इलाकों में बमबाजी की तीन बड़ी वारदातें सामने आ चुकी हैं। ताजा मामला रांझी थाना क्षेत्र के रिछाई इलाके का है, जहाँ बेखौफ बदमाशों ने सरेराह बम फेंककर भारी दहशत फैला दी। इस घटना के बाद से रिछाई स्थित अंजलि कॉलोनी में हड़कंप मचा हुआ है।

वारदात CCTV में कैद

मिली जानकारी के अनुसार, अंजलि कॉलोनी में एक एक्सेस गाड़ी पर सवार होकर चार शातिर बदमाश पहुंचे। बदमाशों ने कॉलोनी में खड़े होकर सरेआम बमबाजी की वारदात को अंजाम दिया। यह पूरी खौफनाक घटना वहां लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई है, जिसमें बदमाश साफ तौर पर कॉलोनी में खड़े होकर बम फेंकते हुए नजर आ रहे हैं।

शराबखोरी से रोकने पर भड़के बदमाश, वकील के घर पर लगा बम

इस पूरी वारदात के पीछे की वजह बेहद मामूली विवाद बताई जा रही है। आरोपियों का एक होटल में काम करने वाले मट्टू समद नाम के कर्मचारी से विवाद हुआ था। आरोपी होटल में रुककर शराबखोरी कर रहे थे और गाली-गलौज कर रहे थे, जिसका होटल कर्मचारी मट्टू समद ने कड़ा विरोध किया और उन्हें मना किया था। इसी बात से नाराज होकर चारों बदमाश मट्टू समद को सबक सिखाने उसके घर पहुंचे और बमबाजी शुरू कर दी। बदमाशों द्वारा फेंके गए बम मट्टू के घर के बजाय पास ही रहने वाले एक वकील संतोष भारती के घर पर जा लगे, जिससे वहां अफरा-तफरी मच गई।

चारों आरोपियों की पहचान

CCTV फुटेज और स्थानीय लोगों से पूछताछ के आधार पर रांझी पुलिस ने चारों आरोपियों की पहचान कर ली है। बमबाजी करने वाले बदमाशों में समर सोनकर (निवासी बापू नगर), अरमान चौहान (निवासी बापू नगर), हर्ष (निवासी बापू नगर) और उनका एक अन्य साथी। रांझी थाना पुलिस ने इस मामले में तत्परता दिखाते हुए गंभीर धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर लिया है और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश देना शुरू कर दिया है।

सूर्यकांत शर्मा, एडिशनल एसपी, जबलपुर

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m