कुमार इंदर, जबलपुर। मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले की महत्वपूर्ण तहसील सिहोरा को अलग जिला बनाने की वर्षों पुरानी मांग एक बार फिर उग्र रूप धारण कर चुकी है। आंदोलन की अगुवाई कर रही ‘लक्ष्य सिहोरा जिला समिति’ के कार्यकर्ताओं और क्षेत्रीय नागरिकों ने भारतीय जनता पार्टी (BJP) के नगर कार्यालय का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि सरकारें बदलती रहीं, लेकिन सिहोरा वासियों को जिले का हक अब तक नहीं मिल सका।
बीजेपी दफ्तर के बाहर गूंजा स्मृति ईरानी का पुराना चुनावी भाषण
प्रदर्शन के दौरान सबसे अनूठा नजारा तब देखने को मिला जब समिति के कार्यकर्ताओं ने बीजेपी कार्यालय के बाहर लाउडस्पीकर (स्पीकर) पर पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी का पुराना चुनावी भाषण बजा दिया। दरअसल, चुनाव प्रचार के दौरान सिहोरा आगमन पर स्मृति ईरानी ने सिहोरा को जिला बनवाए जाने का सार्वजनिक आश्वासन दिया था। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि चुनाव जीतने के 3 साल बीत जाने के बाद भी यह वादा केवल कागजों और भाषणों तक सीमित रह गया है।
चुनाव बहिष्कार की चेतावनी
प्रदर्शनकारियों ने हुंकार भरते हुए सत्ताधारी दल को स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि सरकार जल्द ही सिहोरा को पृथक जिला घोषित करने की अधिसूचना जारी नहीं करती है, तो आगामी चुनावों में सिहोरा क्षेत्र की जनता भारतीय जनता पार्टी का पूरी तरह से बहिष्कार करेगी।
उधर, बीजेपी कार्यालय के बाहर हो रहे इस भारी विरोध-प्रदर्शन के बीच बीजेपी नगर अध्यक्ष रत्नेश सोनकर का बयान सामने आया है। उन्होंने मीडिया से चर्चा करते हुए कहा कि प्रदर्शनकारियों की भावनाओं और सिहोरा को जिला बनाने की मांग को भाजपा के शीर्ष नेतृत्व एवं राज्य सरकार तक प्राथमिकता के साथ पहुंचाया जाएगा।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

