कुमार इंदर, जबलपुर। मध्य प्रदेश के जबलपुर में 4 लोगों की हत्या कर दी गई। पाटन स्थित टीमरी गांव के पास जुआ खेलने को लेकर दो परिवारों के बीच विवाद हुआ था। मामला इतना बढ़ा कि एक पक्ष ने दूसरे पक्ष पर तलवार और लाठी-डंडों से हमला कर दिया। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे। कई थानों का बल भी तैनात कर दिया गया । साथ ही गांव की सीमा भी सील कर दी गई। इस हमले में कुछ लोग घायल भी हैं जिन्हें अस्पताल में भर्ती करवाया गया।
स्थानीय ग्रामीण ने पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की। परिजन आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर सड़क पर उतर गए। वहीं गांव में सड़क पर खून से सनी लाशें पड़ी मिली।

एसडीओपी लोकेश डाबर ने बताया कि “टिमरी ग्राम में दो पक्षों में विवाद हुआ है जिसमें 3 लोगों की हत्या कर दी गई। 2 गंभीर घायल हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस अग्रिम कार्रवाई कर रही है।” उन्होंने पुरानी रंजिश की वजह से हत्या करने की बात कही। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है। आसपास के थानों से पुलिस बल को बुलवाया गया है।
इस हमले में पाठक परिवार से जुड़े दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि दुबे परिवार से जुड़े दो अन्य लोगों को भी गहरी चोटें आई है, जिन्होंने कुछ देर बाद दम तोड़ दिया। दो पक्षों के बीच हुए इस झगड़े में तीन अन्य लोगों को गंभीर चोटे आई है जिनका जबलपुर के अलग-अलग अस्पतालों में इलाज चल रहा है। दिनदहाड़े गांव में हुई इस सनसनीखेज वारदात से आसपास के इलाकों में दहशत का माहौल है।

