इंदर कुमार, जबलपुर। रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय (RDVV) से संबद्ध कॉलेजों की महिला बैडमिंटन खिलाड़ियों को प्रशासनिक लापरवाही और उदासीनता का सामना करना पड़ रहा है। बैडमिंटन की महिला खिलाड़ियों ने स्टेट और डिवीजन टूर्नामेंट के लिए तैयारी तो की लेकिन टीम मैनेजर ही उपलब्ध नहीं हो पा रहा है, ऐसे में इन्हें डर सता रहा है कि कहीं उनकी तैयारी धरी की धरी न रह जाए।

महिला खिलाड़ियों का आरोप है कि उन्हें कभी रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय तो कभी अतिरिक्त संचालक उच्च शिक्षा विभाग के कार्यालय के चक्कर काटने मजबूर किया जा रहा है, साथ ही कभी एचओडी के पास तो कभी किसी दूसरे दफ्तर में पता करने के लिए भेजा जाता है जिससे ये परेशान हो गई हैं।

खिलाड़ियों का कहना है कि इन्होंने रोजाना सुबह 3:00 बजे उठकर बैडमिंटन की प्रैक्टिस की है ताकि अहमदाबाद में होने जा रहे टूर्नामेंट में हिस्सा ले सके लेकिन पिछले एक माह से लगातार चर्चा होने के बावजूद भी टीम मैनेजर का निर्धारण नहीं किया गया है।

महिला खिलाड़ियों ने बताया कि उन्होंने टूर्नामेन्ट में शामिल होने के लिए टिकट से लेकर अन्य फीस भी अपनी तरफ से भर दी है ताकि बाद में किसी प्रकार की अड़चन पैदा न हो, बावजूद इसके उच्च शिक्षा विभाग के द्वारा उदासीनता बरती जा रही है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m