आशुतोष तिवारी, जगदलपुर। शहरवासियों को आने वाले दिनों में पानी की समस्या का सामना करना पड़ सकता है। नए जलशोधन संयंत्र की पाइपलाइन को शहर की मौजूदा जलापूर्ति व्यवस्था से जोड़ने का काम शुरू होने जा रहा है। इसके चलते 24 अगस्त से 9 सितंबर तक अलग-अलग दिनों में शहर के विभिन्न इलाकों में नलों से पानी की सप्लाई बंद रहेगी।

जलापूर्ति व्यवस्था को जोड़ने के लिए होने वाले इस कार्य के तहत सबसे पहले 24 और 25 अगस्त को तेतरकुटी, एलआईसी, धरमपुरा, अघनपुर, महावीर नगर, तिलक नगर, गांधी नगर, गंगानगर और राजेंद्र नगर सहित आसपास के क्षेत्रों में पानी की आपूर्ति प्रभावित होगी।
इसके बाद 29 और 30 अगस्त, फिर सितंबर में 2 और 3 सितंबर, 5 और 6 सितंबर तथा 8 और 9 सितंबर को अलग-अलग पानी की टंकियों से जुड़े क्षेत्रों में सप्लाई बंद रखी जाएगी। इन निर्धारित दिनों में सुबह 10:30 बजे से शाम 5 बजे तक पानी की आपूर्ति बाधित रहेगी।
पहले से पानी भरकर रखने की अपील
जलापूर्ति प्रभावित होने को देखते हुए पीएचई सभापति ने शहरवासियों से अपील की है कि वे अपने क्षेत्र की निर्धारित तारीख से पहले आवश्यकता के अनुसार पानी भरकर रख लें, ताकि सप्लाई बंद रहने के दौरान परेशानी न हो।
नगर निगम की ओर से प्रभावित क्षेत्रों में पानी की जरूरत पूरी करने के लिए टैंकर और अन्य वैकल्पिक माध्यमों से जलापूर्ति की व्यवस्था की जाएगी।
नई जलापूर्ति व्यवस्था से जुड़ेगा शहर
दरअसल, शहर में तैयार किए जा रहे नए जलशोधन संयंत्र को मौजूदा जलापूर्ति व्यवस्था से जोड़ने के लिए पाइपलाइन कनेक्शन का काम किया जा रहा है। इस दौरान अलग-अलग क्षेत्रों में पानी की सप्लाई रोकना जरूरी होगा। काम पूरा होने के बाद अमृत योजना के तहत जगदलपुर शहर को नई जलापूर्ति व्यवस्था से जोड़ने का रास्ता साफ होगा।
प्रशासन और नगर निगम ने लोगों से अपील की है कि वे निर्धारित दिनों को ध्यान में रखते हुए पहले से पानी की व्यवस्था कर लें, ताकि जलापूर्ति बंद रहने के दौरान किसी तरह की असुविधा न हो।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

