अभिषेक सेमर, तखतपुर। महिलाओं और किशोरियों को मासिक धर्म के प्रति जागरूक बनाने के उद्देश्य से बिलासपुर के तखतपुर स्थित शासकीय कन्या उच्च माध्यमिक विद्यालय में “जागरूक नारी” मासिक धर्म जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को मासिक धर्म से जुड़े वैज्ञानिक तथ्यों, स्वच्छता के महत्व और समाज में व्याप्त भ्रांतियों के बारे में जागरूक करना था।
आर्यन फ़िल्म के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में बिलासपुर कलेक्टर संजय अग्रवाल तथा डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह शामिल हुए। वहीं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) मधुलिका सिंह और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) राम गोपाल करियारे विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता तखतपुर नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. पूजा मक्कड़ ने की।

कार्यक्रम के दौरान महिला चिकित्सकों ने छात्राओं को मासिक धर्म स्वच्छता, स्वास्थ्य संबंधी सावधानियों, वैज्ञानिक तथ्यों और इससे जुड़े सामाजिक मिथकों की विस्तृत जानकारी दी। साथ ही संवादात्मक सत्र के माध्यम से छात्राओं के सवालों के जवाब दिए गए और उन्हें इस विषय पर बिना संकोच खुलकर बात करने के लिए प्रेरित किया गया।
इस अवसर पर बिलासपुर जिले के विभिन्न विद्यालयों और महाविद्यालयों की छात्राओं एवं शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का संचालन ट्रैफिक एसआई उमाशंकर पाण्डेय ने किया। आयोजन को सफल बनाने में रैपिडो, होटल बंशीवाला, एरिना एनीमेशन, आशीर्वाद हॉस्पिटल, जीवधर्णी फाउंडेशन सहित कई सहयोगी संस्थाओं का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

आयोजकों ने कहा कि आज भी समाज में मासिक धर्म को लेकर कई तरह की भ्रांतियां और संकोच मौजूद हैं। ऐसे में “जागरूक नारी” जैसे जागरूकता अभियान किशोरियों और महिलाओं को सही जानकारी देकर उन्हें स्वस्थ, जागरूक और आत्मविश्वासी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

