हांसी। जीवन कुंडू हत्याकांड को लेकर हिसार से कांग्रेस सांसद जयप्रकाश (जेपी) ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोला है। सांसद ने कहा कि मुख्यमंत्री हांसी आए, लेकिन उन्होंने न तो पीड़ित परिवार से मिलना मुनासिब समझा और न ही उनकी समस्या सुनने की कोशिश की। जेपी ने कहा कि सरकार आखिर कब तक सवालों से बचती रहेगी। विधानसभा और लोकसभा में सरकार को इन सवालों का जवाब देना ही पड़ेगा।
सांसद जयप्रकाश ने कहा कि “संवाद के बिना समाधान नहीं और लड़ाई के बिना न्याय नहीं।” उन्होंने कहा कि जीवन कुंडू हत्याकांड और किसानों पर दर्ज मुकदमों का मुद्दा विधानसभा में कांग्रेस विधायक दल की टीम मजबूती से उठाएगी। वहां मुख्यमंत्री को इन सवालों का सामना करना पड़ेगा और विधानसभा से भागने का कोई रास्ता नहीं होगा।
किसानों पर लाठीचार्ज और केसों का किया विरोध
जेपी ने जीवन कुंडू हत्याकांड में न्याय की मांग कर रहे किसानों पर हुए पुलिस लाठीचार्ज का विरोध किया। उन्होंने किसानों पर दर्ज मामलों को वापस लेने की मांग की। साथ ही जीवन कुंडू के परिवार के सदस्य को गिरफ्तार किए जाने को घोर निंदनीय बताया।
उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार में घमंड और अहंकार आ गया है। सांसद ने कहा कि मुख्यमंत्री के पास गृह मंत्रालय भी है, लेकिन न तो वह पीड़ितों से बात कर रहे हैं और न ही अधिकारी संवाद कर रहे हैं। इससे साफ जाहिर होता है कि सरकार किसी दबाव में काम कर रही है।
सीएम चाहते तो पीड़ित परिवार से मिल सकते थे
सांसद जेपी ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सैनी हिसार और हांसी दोनों जगह आ चुके हैं। ऐसे में अगर वह चाहते तो पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उनके दुख में शामिल हो सकते थे और उनकी समस्याओं का समाधान करने की पहल कर सकते थे। लेकिन ऐसा नहीं किया गया।
उन्होंने कहा कि सरकार के पास जनता से संवाद करने का अवसर था, लेकिन अहंकार के कारण सरकार ने पीड़ित परिवार की आवाज सुनने से परहेज किया।
‘विधानसभा और लोकसभा में जवाब देना पड़ेगा’
जेपी ने सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि जीवन कुंडू हत्याकांड और किसानों पर कार्रवाई का मुद्दा विधानसभा और लोकसभा दोनों जगह उठाया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार इन सवालों से बच नहीं सकती।
सांसद ने प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि आज रोजाना बलात्कार, हत्या, फिरौती और डकैती जैसी घटनाओं की खबरें सामने आ रही हैं। उन्होंने किसानों, छात्रों और महिलाओं के अपमान तथा व्यापारियों की बदहाली का मुद्दा उठाते हुए आरोप लगाया कि प्रदेश में जंगलराज जैसा माहौल बन गया है।
उन्होंने कहा कि सरकार के पास जनता के सवालों का सामना करने के अलावा कोई विकल्प नहीं है। विधानसभा और लोकसभा में सरकार को जवाब देना ही पड़ेगा।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


