जयपुर। राजधानी जयपुर के सांगानेर सदर थाना क्षेत्र में रिंग रोड के पास बुधवार तड़के एक महिला का शव मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। प्रारंभिक जांच में महिला के सिर पर पत्थर से वार कर हत्या किए जाने की बात सामने आई है। वहीं, परिजनों ने हत्या से पहले दुष्कर्म की आशंका जताई है, जिसकी पुष्टि पोस्टमार्टम और एफएसएल जांच के बाद ही हो सकेगी।

पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल टीम को भी बुलाया है। फिलहाल हत्या के कारण और वारदात में शामिल आरोपियों का पता लगाने के लिए जांच जारी है।

21 सितंबर को मजदूरी के लिए निकली थी महिला

परिजनों के अनुसार महिला 21 सितंबर को मजदूरी करने के लिए घर से निकली थी। वह पहले चौखटी जाती थी और वहां से काम के लिए निकलती थी। उस दिन एक प्लॉट पर सफाई और पौधों की देखभाल के काम पर जाने की बात सामने आई है।

इसके बाद महिला घर नहीं लौटी। परिजनों ने उसके मोबाइल पर संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन फोन स्विच ऑफ मिला। इसके बाद परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। बुधवार तड़के रिंग रोड के पास झाड़ियों में महिला का शव मिलने की सूचना पुलिस को मिली।

सिर पर पत्थर से वार कर हत्या का प्रारंभिक अनुमान

सांगानेर सदर थानाधिकारी कमलेश कुमार के अनुसार, रिंग रोड के पास सड़क किनारे महिला का शव मिलने की सूचना मिली थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवाया।

प्रारंभिक जांच में महिला के सिर पर पत्थर से हमला किए जाने की बात सामने आई है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारण और अन्य परिस्थितियों को लेकर स्थिति ज्यादा स्पष्ट होगी।

परिजनों और ग्रामीणों ने मोर्चरी के बाहर किया प्रदर्शन

घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों में आक्रोश है। उन्होंने अस्पताल की मोर्चरी के बाहर प्रदर्शन कर वारदात में शामिल आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की।

परिजनों ने महिला के साथ दुष्कर्म की आशंका भी जताई है। हालांकि, इसकी पुष्टि अभी नहीं हुई है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और एफएसएल जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी।

सोने का आभूषण गायब होने का भी आरोप

परिजनों का आरोप है कि महिला ने सोने का आभूषण पहन रखा था, जो अब नहीं मिला है। हालांकि, उसके पैरों में चांदी की पायजेब मिली है। पुलिस इस पहलू को भी जांच में शामिल कर रही है।

CCTV और कॉल डिटेल खंगाल रही पुलिस

पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। इसके अलावा महिला के मोबाइल नंबर की कॉल डिटेल भी जांची जा रही है, ताकि उसके संपर्क में रहे लोगों और घटना से पहले की गतिविधियों के बारे में जानकारी जुटाई जा सके।

फिलहाल पुलिस की जांच पोस्टमार्टम, एफएसएल रिपोर्ट, CCTV फुटेज और मोबाइल रिकॉर्ड समेत विभिन्न साक्ष्यों पर केंद्रित है। रिपोर्ट आने के बाद ही घटना से जुड़े कई सवालों के जवाब स्पष्ट हो सकेंगे।