Jaipur Election Duty Action 2026: जयपुर में नगर निकाय चुनाव-2026 के दौरान प्रशिक्षण में लापरवाही और मतदान दलों की रवानगी से जुड़ी अनियमितताओं पर जिला प्रशासन ने कार्रवाई की है। प्रशिक्षण में बिना कारण अनुपस्थित रहने और हाजिरी लगाने के बाद स्थल छोड़ने वाले दो कर्मचारियों की दो साल की वेतनवृद्धि रोक दी गई है।

जिला निर्वाचन अधिकारी संदेश नायक ने बताया कि दोनों कर्मचारियों को सीसीए नियम-17 के तहत चार्जशीट देकर जवाब का अवसर दिया गया था, लेकिन उनके जवाब संतोषजनक नहीं पाए गए।
जवाब से संतुष्ट नहीं हुआ प्रशासन, नियम-14 के तहत कार्रवाई
जिला निर्वाचन अधिकारी के अनुसार, दोनों कर्मचारियों के खिलाफ विभागीय प्रक्रिया पूरी करने के बाद सीसीए नियम-14 के तहत कार्रवाई की गई। इसके तहत उनकी दो साल की वेतनवृद्धि रोकने का निर्णय लिया गया है।
रवानगी के दिन गैरहाजिर कार्मिकों पर भी होगी कार्रवाई
नगर निगम चुनाव के लिए 10 सितंबर को भवानी निकेतन से मतदान दलों की रवानगी हुई थी। इस दौरान अनुपस्थित रहे कर्मचारियों को भी सीसीए नियम-17 के तहत नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया था। इन जवाबों की जांच अतिरिक्त जिला कलेक्टर एवं अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट जयपुर प्रथम, द्वितीय, तृतीय और चतुर्थ से कराई जा रही है। जांच में जवाब संतोषजनक नहीं मिलने पर संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ भी सीसीए नियमों के तहत कार्रवाई की जाएगी।
पंचायत चुनाव में लापरवाही पर मुकदमे की चेतावनी
संदेश नायक ने कहा कि जल्द ही पंचायतीराज संस्थाओं के चुनाव की प्रक्रिया भी शुरू होगी। चुनाव राष्ट्रीय महत्व का कार्य है। इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि कोई कर्मचारी अपने कर्तव्यों का सही तरीके से निर्वहन नहीं करता है, तो उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई होगी। लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम-1951 की धारा 134(1) के तहत मुकदमा भी दर्ज कराया जाएगा।
22 पंचायत समितियों के लिए ईवीएम का दूसरा रेंडमाइजेशन
पंचायतीराज आम चुनाव-2026 के तहत जयपुर जिले की 22 पंचायत समितियों के लिए शुक्रवार को ईवीएम का दूसरा रेंडमाइजेशन पूरा किया गया। यह प्रक्रिया जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) संदेश नायक के निर्देशन में हुई। जिले की 597 ग्राम पंचायतों के 2,094 मतदान बूथों के लिए 5,115 बैलेट यूनिट और 5,115 कंट्रोल यूनिट का रेंडमाइजेशन किया गया है। शनिवार को प्रथम चरण के मतदान के लिए भवानी निकेतन फार्मेसी कॉलेज परिसर में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में ईवीएम की कमीशनिंग की जाएगी।
पंचायत चुनाव के चार चरणों में ड्राई डे घोषित
पंचायतीराज संस्थाओं के आम चुनाव को देखते हुए जयपुर जिले में चार चरणों के लिए सूखा दिवस यानी ड्राई डे घोषित किया गया है। इस दौरान संबंधित निर्वाचन क्षेत्रों और उनके पांच किलोमीटर के दायरे में शराब की बिक्री, वितरण और उपयोग पर प्रतिबंध रहेगा।
| चरण | ड्राई डे की अवधि |
|---|---|
| प्रथम चरण | 20 अक्टूबर शाम 6 बजे से 22 अक्टूबर शाम 6 बजे तक |
| द्वितीय चरण | 26 अक्टूबर शाम 6 बजे से 28 अक्टूबर शाम 6 बजे तक |
| तृतीय चरण | 1 नवंबर शाम 6 बजे से 3 नवंबर शाम 6 बजे तक |
| चतुर्थ चरण | 12 नवंबर शाम 6 बजे से 14 नवंबर शाम 6 बजे तक |
इस दौरान आईएएस मृणाल कुमार, अतिरिक्त जिला कलेक्टर प्रथम राजीव द्विवेदी, उप जिला निर्वाचन अधिकारी मेघराज सिंह मीणा, अतिरिक्त जिला कलेक्टर शहर पूर्व नरेंद्र कुमार वर्मा, अतिरिक्त जिला कलेक्टर शहर दक्षिण युगांतर शर्मा सहित राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि और संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
पढ़ें ये खबरें
- ‘रामायण’ में हनुमान चालीसा गाने पर क्या बोले Diljit Dosanjh? अपनी गलती के लिए मांगी माफी
- 8 नवंबर को रायपुर में मांस-मटन की बिक्री पर प्रतिबंध, होटल में भी बेचने पर होगी कार्रवाई, आदेश जारी
- Ramayana Worldwide Collection: धनतेरस पर ‘रामायण’ का बॉक्स ऑफिस पर धमाका, पहले दिन 155 करोड़ का किया कलेक्शन
- Ranveer Singh की ‘प्रलय’ की शूटिंग से टले क्रिकेट मैच, मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन ने जताई नाराजगी
- Shehzad Poonawalla बने ‘Rise And Fall 2’ के विनर, जीत की रकम बाढ़ पीड़ितों को किया दान

