विदेश मंत्री एस जयशंकर ने भारत-रूस संबंधों को लेकर बड़ा बयान दिया है। दिल्ली में आयोजित म्यूनिख सिक्योरिटी कॉन्फ्रेंस में जयशंकर ने कहा कि भारत के लिए रूस के साथ रिश्ते केवल मौजूदा वैश्विक परिस्थितियों पर निर्भर नहीं हैं। दोनों देशों के संबंध दशकों पुराने हैं और रूस ने कई अहम मौकों पर भारत का समर्थन किया है।
कश्मीर मुद्दे पर रूस ने भारत का साथ दिया
जयशंकर ने कहा कि पिछले करीब 70 वर्षों में रूस ने कश्मीर समेत कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर भारत का समर्थन किया। 20 फरवरी 1957 को UNSC में अमेरिका, ब्रिटेन, ऑस्ट्रेलिया और क्यूबा ने कश्मीर में अस्थायी संयुक्त राष्ट्र बल भेजने से जुड़ा प्रस्ताव रखा था। प्रस्ताव को पर्याप्त समर्थन मिला, लेकिन तत्कालीन सोवियत संघ ने वीटो कर दिया और प्रस्ताव पारित नहीं हो सका।
1965 और 1971 के युद्ध में पाकिस्तान को मिला समर्थन
1965 के भारत-पाकिस्तान युद्ध के दौरान चीन ने पाकिस्तान का समर्थन किया और भारत पर दबाव बनाने के लिए सीमा पर सैनिक तैनात किए। ईरान और तुर्किये ने भी पाकिस्तान का साथ दिया। ईरान ने उसे हथियार और ईंधन उपलब्ध कराया।
वहीं, 1971 के भारत-पाकिस्तान युद्ध और बांग्लादेश मुक्ति संग्राम के दौरान अमेरिका और चीन पाकिस्तान के समर्थन में थे। अमेरिका ने बंगाल की खाड़ी की ओर अपना युद्धपोत भी भेजा था। ईरान ने भी पाकिस्तान को सैन्य सहायता उपलब्ध कराने में मदद की।
रूस-यूक्रेन युद्ध पर भारत का रुख
जयशंकर ने रूस-यूक्रेन युद्ध पर भारत का रुख दोहराते हुए कहा कि संघर्ष का समाधान बातचीत, कूटनीति और समझौते के जरिए होना चाहिए। उन्होंने बताया कि भारत ने रूस और यूक्रेन दोनों के साथ बातचीत की है। इनमें ब्लैक सी में जहाजों की सुरक्षित आवाजाही, अनाज और ऊर्जा निर्यात तथा महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचे पर हमले रोकने जैसे मुद्दे शामिल रहे।
अमेरिका पर जयशंकर का लगातार दूसरा निशाना?
जयशंकर के हालिया बयानों में अमेरिका को लेकर भी तीखी टिप्पणियां सामने आई हैं। उन्होंने भारत की प्रमुख चिंताओं में पाकिस्तान से होने वाले आतंकवाद को बताया और कहा कि अगर अमेरिका इसे नहीं समझता, तो इसका असर भारत-अमेरिका संबंधों पर पड़ सकता है। उन्होंने यह भी कहा कि वैश्विक स्तर पर अमेरिका की नीतियां और चीन का बढ़ता प्रभाव दुनिया में नई रणनीतिक प्रतिस्पर्धा पैदा कर रहे हैं।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

