कर्ण मिश्रा, ग्वालियर। शहर में आज युवा कांग्रेस ने यूथ कॉन्क्लेव का आयोजन किया। जिसमें मध्य प्रदेश कांग्रेस के पूर्व मंत्री जयवर्धन सिंह शामिल हुए। जयवर्धन ने कहा कि यूथ कॉन्क्लेव के जरिए युवाओं के विचारों के आधार पर ही जन सेवा करने की रणनीति बनाएंगे। उन्होंने कहा कि राजनीति में आना जन सेवा और देश सेवा की तरह है। अगर युवा जन सेवा की भावना से राजनीति में आएंगे तो राजनीति का स्तर बेहतर होगा।
ग्वालियर के बाल भवन में आयोजित “सशक्त यूथ कॉन्क्लेव” में पहुंचे पूर्व मंत्री और विधायक जयवर्धन सिंह ने कांग्रेस नेताओं और युवाओं से संवाद किया। सीधी बात के दौरान उन्होंने युवाओं के लिए पार्टी के विजन और ‘ब्लूप्रिंट’ पर चर्चा की। उन्होंने कॉन्क्लेव के माध्यम से युवाओं को पार्टी की विचारधारा से जोड़ने, रोजगार, शिक्षा और देश के मुद्दों पर चर्चा करने के लिए एक मंच प्रदान करने की बात कही।
जयवर्धन सिंह ने कहा कि कांग्रेस पार्टी का लक्ष्य युवा कांग्रेस के माध्यम से जमीनी स्तर पर युवाओं की पार्टी के लिए सक्रियता बढ़ाना है अगर युवा जन सेवा की भावना से राजनीति में आएंगे तो राजनीति का स्तर बेहतर होगा पूर्व मंत्री जयवर्धन ने यह भी कहा कि भाजपा नहीं चाहती कि युवा राजनीति में आएं इसलिए छात्र संघ चुनाव नहीं करवाए जा रहे जबकि छात्र संघ चुनाव ही युवाओं को राजनीति में आने का पहला मंच देता है।
वहीं पूर्व मंत्री जयवर्धन सिंह ने जबलपुर बरगी डैम हुए क्रूज हादसे के लिए प्रदेश सरकार को जिम्मेदार ठहराया है। उन्होंने कहा कि पानी में उतरने से पहले क्रूज में प्रोटोकॉल का पालन नहीं कराया गया। लोग बिना लाइफ जैकेट के बैठे थे। क्रूज स्टाफ भी बिना लाइफ जैकेट के नजर आए।
पूर्व मंत्री जयवर्धन ने यह भी कहा कि इंदौर के भागीरथपुरा में दूषित पानी पीने से लोगों की मौत का मामला हो या छिंदवाड़ा में कफ सिरप से बच्चों की मौत का मामला हो या फिर अब बरगी डैम में सैलानियों की मौत का मामला..इन सभी के लिए सरकार जिम्मेदार है। उन्होंने मांग की है कि मृतकों के परिजनों को चार लाख की बजाय एक-एक करोड़ रुपये मुआवजा देना चाहिए।

