जालंधर. जालंधर में त्योहार से पहले बड़ा आपराधिक मामला सामने आया है. जानकारी मिली है कि नागरा के नजदीक गुरु नानक नगर में देर रात दो मोटरसाइकिलों पर सवार होकर आए पांच युवकों ने एक घर के बाहर खड़ी XUV कार को निशाना बनाते हुए ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी. हमलावरों ने कुल 6 राउंड गोलियां चलाईं.

इस घटना में एक अहम बात यह भी समाने आई है घर की छत पर मौजूद युवक पर भी गोली चला दी. हालांकि, युवक बाल-बाल बच गया. वारदात को अंजाम देने के बाद सभी हमलावर मौके से फरार हो गए. इस घटना के बारे में गुरु नानक नगर निवासी पीड़ित साहिल ने बताया कि रात करीब 11 बजे वह अपनी पत्नी के साथ घर पर मौजूद था. इसी दौरान कुछ युवक ट्रैक्टर लेकर उसकी गली में पहुंचे और घर के बाहर खड़ी कार को हटाने के लिए कहने लगे. साहिल ने उन्हें बताया कि उसके पिता घर पर नहीं हैं और उनके वापस आने के बाद ही गाड़ी हटाई जा सकती है. इसके बाद युवक वहां से चले गए.

साहिल के मुताबिक, कुछ समय बाद दो मोटरसाइकिलों पर सवार होकर पांच युवक उसके घर के बाहर पहुंचे. उस समय वह घर की छत में घूम रहा था. अचानक गोलियां चलने की आवाज सुनकर उसने नीचे गली में देखा तो हमलावर उसकी कार पर फायरिंग कर रहे थे. आरोपियों ने एक के बाद एक 6 राउंड गोलियां चलाईं. उसने छत से ही हमलावरों को रोकने की कोशिश की और उन्हें ललकारा.

इस दौरान गाली-गलौज भी हुई. इससे गुस्साए आरोपियों ने उसकी तरफ भी गोली चला दी, लेकिन किस्मत से गोली उसे नहीं लगी और वह बच गया नहीं तो बड़ी दुर्घटना घट जाती. इसके बाद पांचों आरोपी मोटरसाइकिलों पर सवार होकर फरार हो गए. साहिल ने पुलिस को बताया कि वह हमलावरों में से किसी को नहीं जानता और न ही उसकी किसी के साथ कोई दुश्मनी है.

पुलिस को मौके से मिले 6 कारतूस

फायरिंग की सूचना मिलते ही थाना नंबर-1 की पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची. पुलिस ने मौके से छह कारतूस बरामद किए हैं. इसके अलावा आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी जांची जा रही है. शुरुआती जांच में पांच संदिग्ध दो मोटरसाइकिलों पर घटनास्थल की तरफ आते और वारदात के बाद फरार होते दिखाई दिए हैं.