प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पंजाब दौरे से ठीक एक दिन पहले जालंधर के कई स्कूलों को बम ब्लास्ट की धमकी भरे ई-मेल मिले।धमकी भरे ई-मेल में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दौरे का जिक्र किया गया। ई-मेल में लिखा गया कि मोदी के पंजाब आगमन को लेकर बम धमाका किया जाएगा। मेल ‘बिल्ली हाल’ नाम की आईडी से भेजा गया था।
धमकी मिलते ही पुलिस, प्रशासन और खुफिया एजेंसियां अलर्ट मोड में आ गईं और स्कूल परिसरों में सघन सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया गया। धमकी भरी मेल में कहा गया है कि डेरा सच्चखंड बल्लां और संत निरंजन दास जी से इसका कोई लेना देना नहीं है सिर्फ मोदी को लेकर है। यह बदला है निज्जर के लिए, जिसकी कनाडा में गोलियां मार कर हत्या कर दी गई थी। मोदी खालिस्तान का दुश्मन है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एक फरवरी को जालंधर स्थित सचखंड डेरा बल्लां में गुरु रविदास महाराज की जयंती समारोह में शामिल होने वाले हैं। धमकी की सूचना मिलते ही पुलिस, बम निरोधक दस्ते और डॉग स्क्वॉड को स्कूलों में भेजा गया। स्कूल भवनों, कक्षाओं और आसपास के इलाकों की बारीकी से जांच की गई। प्रारंभिक तलाशी में कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है, लेकिन इसके बावजूद सुरक्षा एजेंसियां किसी भी स्तर पर जोखिम लेने के मूड में नहीं हैं।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, ई-मेल की तकनीकी जांच शुरू कर दी गई है। साइबर सेल यह पता लगाने में जुटी है कि धमकी किस सर्वर से भेजी गई, उसका स्रोत कहां है और इसके पीछे कोई संगठित साजिश या शरारती तत्व तो नहीं। सुरक्षा एजेंसियों को आशंका है कि प्रधानमंत्री के दौरे और गुरु रविदास जयंती जैसे संवेदनशील मौके पर डर और भ्रम फैलाने की कोशिश की गई है।
प्रधानमंत्री के प्रस्तावित दौरे को देखते हुए जालंधर और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था पहले से ही कड़ी कर दी गई है। अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती, संवेदनशील इलाकों पर निगरानी और लगातार पेट्रोलिंग की जा रही है। प्रशासन ने साफ कहा है कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है।
- रायगढ़ नगर निगम की वेबसाइट हैक! खुलते ही दिखा पाकिस्तान का सिंबल, जांच में जुटी पुलिस
- कलेक्टर के सामने महिला ने खोली जिला अस्पताल की पोल, बोली- रात में बिना बताए आइए, तब पता चलेगी हकीकत
- महिला कांग्रेस की बैठक: सरकार की नीतियों के खिलाफ संघर्ष और महिलाओं के अधिकारों पर हुई चर्चा, आगामी कार्यक्रमों पर बनी रणनीति
- अनोखी शादी: मायके से खुद बरात लेकर निकली दुल्हन, शुभ मुहूर्त के चक्कर में लहंगे में ही सड़क पर लगा दी दौड़
- पानी की बूंद-बूंद को तरसे लोग: गुड़गांव के 40% हिस्से में बिजली सप्लाई ठप, पुलिस ने खुलवाया जाम

