जालंधर. जालंधर के 120 फुटी रोड स्थित एक पेट्रोल पंप पर जमकर हंगामा होने की खबर सामने आई है. देखते ही देखते यहां दो गुटों की लड़ाई इतनी बढ़ी की पुलिस बुलानी पड़ी, जानकारी मिली है कि दो युवक अपनी गाड़ी में पेट्रोल भरवाने के लिए खड़े थे. इसी दौरान बिना नंबर प्लेट की पट्टियां लगी गाड़ियों में पहुंचे कुछ युवकों ने पहले पेट्रोल डलवाने को लेकर उनसे बहस शुरू कर दी. देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आरोपियों ने दोनों युवकों के साथ मारपीट शुरू कर दी.

नशे में थे हमलवार

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हमलावर किसी की बात सुनने को तैयार नहीं थे. घटना के दौरान पेट्रोल पंप पर अफरा-तफरी मच गई और कर्मचारी व आसपास मौजूद लोग पीछे हट गए. प्रत्यक्षदर्शियों ने दावा किया कि हमलावर नशे में थे. स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला.

समाजसेवियों ने की कार्रवाई की मांग

घटना की जानकारी मिलने पर समाजसेवक लकी खासा भी मौके पर पहुंचे और पीड़ित युवकों का हालचाल जाना. उन्होंने सार्वजनिक स्थान पर हुई मारपीट की निंदा करते हुए आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की उन्होंने पुलिस विभाग से मांग की कि मामले में शामिल सभी आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए और मामला दर्ज किया जाए. थाना बस्ती बाबा खेल पुलिस ने शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. सीसीटीवी से आरोपियों की पहचान की जा रही है.