जालंधर: नगर निगम एक्शन मोड में आते नजर आ रहा है. प्रॉपर्टी टैक्स विभाग की बैठक में निगम कमिश्नर सुरिंदर सिंह ने अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रॉपर्टी टैक्स की रिकवरी तेज करने के निर्देश दिए. उन्होंने साफ कहा कि 30 सितंबर तक टैक्स जमा करवाने वालों को 10 प्रतिशत रिबेट का लाभ मिल रहा है, इसलिए अधिक से अधिक लोगों को टैक्स जमा करवाने के लिए जागरूक किया जाए. लोगो तक यह मैसेज पहुंचाने की अपील की जा रही है.

बैठक में बताया गया कि पिछले चार दिनों में प्रॉपर्टी टैक्स विभाग ने करीब 5.50 करोड़ रुपए की वसूली की है, जबकि अब तक कुल करीब 30 करोड़ रुपए का प्रॉपर्टी टैक्स जमा हो चुका है. टैक्स वसूली की निगरानी चंडीगढ़ स्थित हेड ऑफिस से भी की जा रही है.
रविवार को भी होगा टैक्स जमा

लोगो को अधिक सहूलियत देने के लिए कमिश्नर ने बताया कि शनिवार, रविवार और अन्य छुट्टियों के दौरान भी प्रॉपर्टी टैक्स जमा करवाने की व्यवस्था जारी रहेगी, ताकि लोग 30 सितम्बर तक रिबेट का लाभ उठा सकें. विभाग की ओर से अखबारों और एस.एम.एस. के माध्यम से लोगों को टैक्स जमा करवाने के लिए जागरूक किया जा रहा है.

डिफाल्टरों की सूची तैयार

वही अहम बात यह समाने आई है कि डिफॉल्टरों की सूची तैयार करवाई गई है, जिसके आधार पर उन्हें फोन करके भी बकाया टैक्स जमा करवाने के लिए कहा जा रहा है. प्रॉपर्टी टैक्स ऑनलाइन जमा करवाने के अलावा निगम के मुख्य कार्यालय तथा मॉडल टाऊन जोन, दादा कॉलोनी जोन, बस्ती शेख जोन, लाल रतन जोन और रामामंडी जोन में भी जमा करवाया जा सकता है.मेयर वनीत धीर ने भी शहरवासियों से अपील की है कि वे 30 सितंबर से पहले अपना बकाया प्रॉपर्टी टैक्स जमा करवाकर 10 प्रतिशत रिबेट का लाभ उठाएं.