क्षेत्र में लगातार बढ़ रही जलभराव और बाढ़ की समस्या को लेकर अंबाला लोकसभा सांसद वरुण मुलाना ने रविवार को छछरौली क्षेत्र के गांव खानूवाला से हस्ताक्षर अभियान की शुरुआत की। सोम नदी के किनारे टैंट लगाकर कांग्रेस नेताओं, कार्यकर्ताओं, किसानों और ग्रामीणों ने सरकार के खिलाफ रोष प्रदर्शन किया तथा जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान की मांग उठाई।

इस अवसर पर सांसद वरुण मुलाना ने ग्रामीणों और किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि सरकार की लापरवाही और विफल नीतियों के कारण हर वर्ष क्षेत्र के लोगों को जलभराव और बाढ़ जैसी गंभीर समस्याओं का सामना करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि समय रहते नदियों, खालों और ड्रेनों की सफाई नहीं करवाई जाती तथा तटबंधों को मजबूत करने की दिशा में भी कोई ठोस कदम नहीं उठाए जाते। परिणामस्वरूप बरसात के दिनों में बाढ़ का पानी खेतों और आबादी वाले क्षेत्रों तक पहुंच जाता है, जिससे किसानों और आम लोगों को भारी नुकसान झेलना पड़ता है।
सांसद ने वर्ष 2024 की बाढ़ का उल्लेख करते हुए कहा कि सोम नदी का किनारा टूटने के कारण खानूवाला गांव में पांच से छह फीट तक पानी भर गया था। हालात इतने गंभीर हो गए थे कि ग्रामीणों को लगभग दो महीने तक अपने घर छोड़कर अन्य स्थानों पर शरण लेने के लिए मजबूर होना पड़ा था। उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाएं सरकार की नाकामी को उजागर करती हैं।
वरुण मुलाना ने आरोप लगाया कि सरकार हर साल बाढ़ बचाव कार्यों पर करोड़ों रुपये खर्च करने का दावा करती है, लेकिन धरातल पर कहीं भी प्रभावी कार्य दिखाई नहीं देता। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर बाढ़ बचाव के लिए स्वीकृत बजट कहां खर्च किया जाता है, जब हर वर्ष किसानों और ग्रामीणों को जलभराव की समस्या से जूझना पड़ता है।
उन्होंने कहा कि जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान और प्रभावित लोगों को राहत दिलाने के उद्देश्य से यह हस्ताक्षर अभियान शुरू किया गया है। अभियान के माध्यम से एक ज्ञापन तैयार कर राज्यपाल को सौंपा जाएगा। यदि इसके बावजूद सरकार ने कोई ठोस कार्रवाई नहीं की तो कांग्रेस कार्यकर्ता और क्षेत्र के लोग यमुनानगर से चंडीगढ़ तक पैदल मार्च निकालने को मजबूर होंगे।
रोष प्रदर्शन और हस्ताक्षर अभियान में कांग्रेस शहरी जिला अध्यक्ष देवेंद्र सिंह, ग्रामीण जिला अध्यक्ष नरपाल गुर्जर, पूर्व विधायक अर्जुन सिंह, पूर्व विधायक राजपाल भूखड़ी, रमन त्यागी, पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष जाकिर हुसैन, जिला पार्षद नरवैल सिंह, राजकुमार त्यागी, आर्यन गुर्जर, रमेश बुबका, मोहन वर्मा, जिला पार्षद प्रतिनिधि अनिल संधू मोंटी, पार्षद जयचंद कश्यप, पार्षद दलीप जुड़ा, संदीप नंबरदार, जरनैल तिहाणो सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता, कार्यकर्ता, किसान और ग्रामीण मौजूद रहे।
इस दौरान उपस्थित लोगों ने सरकार से मानसून से पहले बाढ़ बचाव कार्यों को प्राथमिकता देने तथा क्षेत्र को जलभराव की समस्या से स्थायी राहत दिलाने की मांग की।
- ‘बयानबाजी से बिगड़ रहा माहौल, सबूत मांगो तो चुप्पी क्यों?’ कांग्रेस अध्यक्ष का सीएम योगी पर सीधा हमला
- नेपाल में हुई त्रासदी में विदिशा की बेटी भी लापता, कैलाश मानसरोवर की यात्रा पर गई थी स्वाति बागरेचा
- CG News: त्योहारी सीजन में आबकारी की बड़ी कार्रवाई, मकान से 10 पेटी MP निर्मित शराब जब्त, एक गिरफ्तार, मुख्य आरोपी फरार
- फर्जी लेडी IAS की बढ़ी मुश्किलें: अब भोपाल में हुई तृप्ति सिंह के खिलाफ FIR, इश्क ने बना दिया था नकली अफसर
- अब नहीं काटने पड़ेंगे दफ्तरों के चक्कर: यूपी में 50 KW तक का बिजली कनेक्शन पाना हुआ बेहद आसान


